बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बाहरी राज्यों से जुड़े नशा तस्करों की सक्रियता ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। शांत और पर्यटन के लिए मशहूर इस पहाड़ी प्रदेश को नशा माफिया ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश में जुटे हैं। हालांकि, पुलिस भी लगातार सतर्क है और जगह-जगह नाकाबंदी कर ऐसे तत्वों पर शिकंजा कस रही है।

युवकों से मिली भारी मात्रा में चरस

इसी कड़ी में बिलासपुर जिला पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है, जहां बाहरी राज्य के दो युवकों को भारी मात्रा में चरस के साथ दबोचा गया। मामला पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले बलोह टोल प्लाजा का है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दहेज का झूठा केस कर फंसाना चाहती थी पत्नी, कोर्ट ने लताड़ा- पति को दी तलाक की इजाजत

पुलिस ने की थी नाकाबंदी

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने नियमित जांच के तहत यहां नाका लगाया हुआ था। बिलासपुर और मंडी की ओर से आने-जाने वाले हर वाहन की बारीकी से तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान मंडी की दिशा से आ रही एक कार पर पुलिस को शक हुआ।

कार में छुपाई थी चरस

कार को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई तो अंदर से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। यह मात्रा करीब एक किलो के आसपास बताई जा रही है, जिसकी अंतरराज्यीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर लिया और कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म.र्डर- क्रशर डंप पर पड़ा मिला बुजुर्ग, शरीर का कुछ हिस्सा कुचला हुआ

आरोपियों की पहचान

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए दोनों युवक हरियाणा के गोहाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस को संदेह है कि यह खेप किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। इस बात की जांच की जा रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।

 

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के SP बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कच्ची सड़क की धूल खाकर झल्लाए अखिलेश यादव- सरकार पर कसा तंज, जानें

कहां से लाए थे खेप?

उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या प्रदेश में पहले से सक्रिय किसी गिरोह से उनका संबंध है या वे किसी नए नेटवर्क के जरिए यहां पहुंचे थे। उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा होगा।

नशा तस्करों पर पैनी नजर

पुलिस का कहना है कि हिमाचल को नशे की तस्करी का मार्ग बनाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला पुलिस लगातार नाकाबंदी और खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत कर रही है- ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले नशा तस्करों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी: IVF क्लीनिक व NGO से जुड़े तार, अस्पतालों पर भी शक- अब तक 9 अरेस्ट

युवाओं के भविष्य पर खतरा

गौरतलब है कि,. प्रदेश में बढ़ती नशे की तस्करी न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि युवाओं के भविष्य पर भी गंभीर असर डाल रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें