#अपराध
May 25, 2026
जम्मू में HP नंबर की गाड़ी से 8 वर्षीय लड़की का अपह.रण : जबरन वाहन में बैठाया- इलाके में दहशत
किन परिस्थितियों में मिली लड़की, पुलिस ने नहीं दी जानकारी
शेयर करें:

शिमला/ऊधमपुर। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। ऊधमपुर जिले के टिकरी क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आठ वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण की खबर सामने आई।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में बच्ची की तलाश में जुट गए, वहीं स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, जारमाड़ा गांव की रहने वाली बच्ची सुबह अपने घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान वहां एक संदिग्ध वाहन पहुंचा, जिस पर HP का नंबर लगा हुआ बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में मौजूद लोगों ने बच्ची को जबरन अंदर बैठाया और तेजी से वहां से निकल गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने रोते-बिलखते हुए पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की। इलाके के लोगों ने भी बच्ची की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकरी पुलिस पोस्ट की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वाहन के बारे में जानकारी जुटाने के लिए विभिन्न नाकों और चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि, बच्ची कहां मिली और उसे किन परिस्थितियों में बरामद किया गया, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से इस बात की भी पुष्टि नहीं की गई है कि मामले में किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और अपहरण के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है।