#अपराध
May 24, 2026
हिमाचल फैक्ट्री में काम कर पालता था परिवार, पुल के पास पड़ी मिली देह, परिवार घर में करता रहा इंतजार
राहगीरों ने पुल के पास देखा बेसुध पड़ा व्यक्ति
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल अंब में उस समय सनसनी फैल गई, जब ल्यूमिनस फैक्ट्री के गेट नंबर-1 के पास पुल के समीप एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई यह जानने की कोशिश करता रहा कि आखिर व्यक्ति की मौत कैसे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना का है। बताया जा रहा है कि व्यक्तिलंबे समय से क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था। वह फिलहाल बन्नेपुर इलाके में रह रहा था और पाबड़ा स्थित एक स्लॉटर हाउस में मजदूरी करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक रोजाना की तरह अपने काम में लगा रहता था और इलाके में मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। उसकी अचानक मौत की खबर से आसपास के लोग भी हैरान हैं।
बता दें कि बीते शनिवार शाम कुछ राहगीरों की नजर पुल के पास पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद व्यक्ति की तबीयत खराब होगी या वह नशे की हालत में होगा, लेकिन काफी देर तक जब उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो लोगों को शक हुआ।
इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। देखा तो व्यक्ति की सांसे थम चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढें: हिमाचल : शादीशुदा महिला लापता, 24 घंटे से ढूंढ रहा पति- नहीं मिला कोई सुराग; करें मदद
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की जा रही है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय कृष्णा उरांव निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।