#अपराध
May 25, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन : अलग-अलग नशे संग धरे दो, ढेर सारी कैश भी बरामद
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की बड़ी कार्रवाई
शेयर करें:

कांगड़ा/ऊना। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों से पहले पुलिस ने अवैध नशे और शराब के कारोबार के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हिमाचल में 26 मई यानी कल से तीन चरणों में पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं।
चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जगह-जगह नाकाबंदी, गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत हिमाचल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे और अवैध शराब की खेप बरामद की है।
पहला मामला ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र से सामने आया है। यहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धुन्दला गांव में एक मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ, शराब और लाखों रुपए की नकदी बरामद की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, थाना बंगाणा की पुलिस टीम ने रविवार रात विशेष अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि धुन्दला गांव में एक व्यक्ति अवैध नशे और शराब के कारोबार में संलिप्त है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली गई- तो कमरे से कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने धुंदला क्षेत्र के रहने वाले मुनीष कुमार उर्फ मनी के कब्जे से 48.52 ग्राम अफीम और 17.78 ग्राम चरस बरामद की। इसके अलावा सात बोतल देसी शराब और 38 अन्य शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस को मौके से 4 लाख 69 हजार 120 रुपए नकद भी मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामद नकदी के साथ दो अमेरिकी डॉलर भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ NDPS एक्ट तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के तार किन लोगों से जुड़े हैं और नशे का यह नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
SP ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अगर कहीं भी नशे या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें- ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सख्त कार्रवाई की जा सके।
वहीं, दूसरी ओर देहरा क्षेत्र में भी पुलिस ने पंचायत चुनावों से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस थाना रक्कड़ की टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर शराब की पेटियां भरी हुई मिलीं।
पुलिस ने कार नंबर HP19B-3966 से कुल 180 बोतल अवैध शराब बरामद की। इनमें 144 बोतल अंग्रेजी शराब और 36 बोतल देसी शराब शामिल हैं। इस मामले में आरोपी की पहचान रजनीश कुमार के रूप में हुई है- जो कि वलियाणा, परागपुर का रहने वाला है।

SP देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चुनावों से पहले इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पंचायत चुनावों के दौरान अवैध शराब और नशे के इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। प्रशासन को आशंका है कि चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब और नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी कारण प्रदेशभर में पुलिस ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिए हैं।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि चुनावों से पहले पुलिस किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को लेकर कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ और भी सख्त अभियान चलाए जा सकते हैं।