#अपराध
May 26, 2026
हिमाचल कोर्ट में बंदू*क लेकर पहुंचा फौजी : पत्नी से चल रहा कलेश, DSP पर तानी और शूट कर...
कोर्ट में मौजूद लोगों में मचा हड़कंप
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया-न जब एक व्यक्ति बंदूक लेकर कोर्ट परिसर में पहुंच गया। पेशी के लिए आए इस व्यक्ति के पास लाइसेंसी बंदूक के साथ दो कारतूस भी मौजूद थे।
न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थान पर हथियार देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी भोरंज क्षेत्र का रहने वाला है और घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में जिला न्यायालय पहुंचा था। वह सेशन कोर्ट के बाहर बंदूक लेकर बैठा हुआ था।
इसी दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों की नजर उस पर पड़ी। जब उससे कोर्ट परिसर में हथियार लाने को लेकर पूछताछ की गई तो वह बहस करने लगा और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर DSP की ओर बंदूक तान दी। यह देखते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और बिना देरी किए उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बंदूक और कारतूस बरामद कर लिए। घटना के बाद कुछ समय तक अदालत परिसर में भय और तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उसी की पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह हथियार लेकर अदालत परिसर में क्यों आया था और उसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।
घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनावी माहौल को देखते हुए प्रशासन ने लाइसेंसी हथियार संबंधित थानों में जमा करवाने के निर्देश जारी किए हुए हैं। इसके बावजूद आरोपी ने अपना हथियार जमा नहीं करवाया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वह हथियार लेकर सुरक्षा जांच पार कर कोर्ट परिसर तक कैसे पहुंच गया।
पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करवाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी के व्यवहार और घटनास्थल पर उसके रवैये को देखते हुए यह जांच जरूरी है।
इस मामले में SP हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।