शिमला। हिमाचल प्रदेश में रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को लेकर जारी राजनीतिक बहस बढ़ गई है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार और पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

लाभ उठाने की कोशिश में सुक्खू सरकार

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवेदनशील वित्तीय मुद्दे पर वास्तविक तथ्यों को छिपाकर केवल राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है और जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूकंप : सुबह-सवेरे डोली धरती, घरों से बाहर भागे लोग- क्या आपने महसूस किए झटके?

जनता के बीच भ्रम फैला रही कांग्रेस

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि RDG को लेकर बेवजह डर का माहौल बनाकर कांग्रेस सरकार अपनी वित्तीय बदहाली और प्रशासनिक असफलताओं से ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक ने स्वयं RDG को समाप्त करने की मांग की थी, तो इस सच्चाई पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुप क्यों हैं।

अलग-अलग राज्य में अलग-अलग नीति

जयराम ठाकुर ने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति करार देते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस की अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग वित्तीय सोच और नीति है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों में पहले ही स्पष्ट संकेत दिए जा चुके थे कि भविष्य में RDG की व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मोबाइल चैट से शुरू हुआ विवाद, प्रेम प्रसंग में पड़े युवक का किया बुरा हाल- सरेआम मिली...

सिर्फ ड्रामा कर रही सुक्खू सरकार

जयराम ठाकुर ने याद दिलाया कि उस समय वर्तमान मुख्यमंत्री सुक्खू विधानसभा के सदस्य थे और इन सिफारिशों से भली-भांति परिचित थे। ऐसे में आज इस विषय पर अनभिज्ञता दिखाना केवल राजनीतिक ड्रामा है।

बिगड़ती वित्तीय हालत पर ध्यान दे सरकार

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिशें किसी एक वर्ष के लिए नहीं बल्कि दीर्घकालिक आर्थिक ढांचे के तहत लागू होती हैं और राज्यों को पहले से इसकी जानकारी दी जाती है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति सुधारने पर ध्यान देने की अपील की। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को अपने खर्च प्रबंधन, कर्ज बढ़ने और आर्थिक अनुशासन को लेकर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ड्यूटी खत्म कर लौटा युवक, कमरे का दरवाजा खोलते ही हुआ जोरदार धमाका- निकले प्राण

बजट पर क्या बोले जयराम?

जयराम ठाकुर ने हालिया केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि देश का बजट मॉडल अब सब्सिडी आधारित व्यवस्था से निकलकर निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित मॉडल की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-14 की तुलना में 2026-27 तक कुल पूंजीगत व्यय में 516 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रेलवे, सड़क, रक्षा, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अब तक का सबसे बड़ा निवेश किया गया है।

केंद्र सरकार से मिली मदद

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी केंद्र सरकार से रिकॉर्ड सहायता मिल रही है। कर हस्तांतरण और विभिन्न अनुदानों के माध्यम से राज्य को हजारों करोड़ रुपये मिल रहे हैं। सड़क नेटवर्क, हवाई सेवाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं और पर्यटन ढांचे को मजबूत किया गया है। AIIMS बिलासपुर, अटल टनल, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और नए हवाई मार्ग केंद्र सरकार की प्रदेश के प्रति भावना का प्रमाण हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कपड़े धो रही थी मां, गर्म पानी के टब में गिर गया चार साल का मासूम- हुई मौ.त

जनता को सच बताएगी BJP

जयराम ठाकुर ने कहा कि आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि केंद्र सरकार का फोकस विकास, निवेश और जनकल्याण पर है, जबकि कांग्रेस तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाकर राजनीति कर रही है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा तथ्यों और आंकड़ों के साथ जनता के सामने सच्चाई रखती रहेगी।

आज होगी अहम बैठक

नेता प्रतिपक्ष से जब यह पूछा गया कि सरकार द्वारा बुलाई जा रही विधायक प्राथमिकता बैठक में विपक्ष शामिल होगा या नहीं, तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर आज शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में चर्चा के बाद तय किया जाएगा कि सरकार की प्राथमिकता बैठक में भाग लेना है या फिर बीते वर्ष की तरह इसका बहिष्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! लगातार पांच दिन नहीं मिलेगी 108-102 AMBULANCE, हड़ताल पर जा रहे कर्मी

CM ने भी बुलाई बैठकें

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कल और परसों विधायकों की प्राथमिकताएं जानने के लिए बैठकें बुलाई हैं। इन बैठकों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों की दो से तीन प्रमुख विकास योजनाओं के सुझाव लिए जाएंगे, ताकि उन्हें आगामी बजट में शामिल किया जा सके

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें