#राजनीति
April 8, 2025
अपनी ही पार्टी से नाराज हुए विधायक डॉ. हंस राज : जानें किस बात पर हुआ विवाद
नजरअंदाजी से आहत होकर विधायक डॉ. हंसराज ने किया तीखा कमेंट
शेयर करें:
दिल्ली: आज नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में रविवार को 'संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान' की राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। कार्यक्रम में हिमाचल से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। देशभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के बाद भाजपा हिमाचल प्रदेश के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें दिल्ली में हुए कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें : शाबाश हिमाचल पुलिस : 24 घंटों में पकड़ी 9 किलो चरस, बुजुर्ग सहित 6 तस्कर किए अरेस्ट
इस पोस्ट में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार का उल्लेख तो था, लेकिन कार्यक्रम में मौजूद विधायक डॉ. हंसराज और पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल का नाम कहीं नहीं था। यहां तक कि उनकी कोई तस्वीर भी साझा नहीं की गई।
इस नजरअंदाजी से आहत होकर विधायक डॉ. हंसराज ने उसी पोस्ट के नीचे तीखा कमेंट किया – "हम भी यहीं हैं - कभी तो लिख दिया करो, डॉ. सैजल भी यहीं हैं।" उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई।
यह भी पढ़ें : ताशकंद में अनुराग ठाकुर की बड़ी जीत, ग्लोबल लीडर बन बढ़ाया देश का मान
भाजपा के अंदरूनी गलियारों में भी यह बात चर्चा का विषय बन गई है। वहीं, विधायक हंस राज के द्वारा यह कमेंट किए जाने के बावजूद भी अभी तक इस पोस्ट में कोई सुधार नहीं किया गया है।
जब इस मसले पर विधायक डॉ. हंसराज से संपर्क किया गया तो उन्होंने साफ कहा – "मैं पिछड़े क्षेत्र से आता हूं, अनुसूचित जाति से हूं, और हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों की आवाज रहा हूं। पार्टी में हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी जाति या क्षेत्र से आता हो।" उन्होंने कहा कि वे विधानसभा में भी लगातार पिछड़ों की आवाज उठाते रहे हैं और अंतिम सांस तक उनके लिए लड़ते रहेंगे।