#राजनीति

October 24, 2026

कर्मचारियों के लिए 5% DA 'ऊंट के मुंह में जीरा'... बर्थडे के जश्न में ही सुक्खू सरकार पर बरस पड़े अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर बोले- कर्मचारियों के लंबित बकाया का भी जल्द भुगतान करे सुक्खू सरकार

शेयर करें:

Anurag singh Thakyr Hamirpur

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश की सियासत में जन्मदिन के जश्न के बहाने एक बार फिर से राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। हमीरपुर से लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने जन्मदिन के खास मौके पर एक तरफ जहां देवभूमि की जनता के प्रति अपना आभार प्रकट किया, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की सुक्खू सरकार को विकास और दावों के मोर्चे पर कटघरे में खड़ा कर दिया। जन्मदिन के इस बड़े राजनीतिक मंच से सांसद ने राज्य सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने न तो कर्मचारियों और पेंशनरों को उनका वास्तविक हक दिया है और न ही प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ न्याय किया है।

जन्मदिन के जश्न के बीच घेरी सुक्खू सरकार 

हमीरपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर शनिवार को जिला भाजपा की ओर से सांसद अनुराग ठाकुर के जन्मदिन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और केक काटकर अपने नेता का जन्मदिन धूमधाम से सेलिब्रेट किया। जन्मदिन के इस उल्लास के बीच सांसद ने जहां पांच बार लगातार सांसद चुनने के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता का हाथ जोड़कर आभार जताया वहीं प्रदेश की सुक्खू सरकार को कर्मचारियोंए पेंशनरों और खिलाड़ियों के मुद्दे पर घेरा।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का बड़ा दावा: भाजपा के 16 विधायक हारेंगे अगला चुनाव, जयराम को हटाना चाहते हैं अपने लोग

 

अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर कर्मचारियों और खिलाड़ियों को उनके अधिकार नहीं देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री की ओर से दिवाली पर महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त देने की घोषणा पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ जैसा बताया।

कर्मचारियों की बकाया राशि भी जल्द दे सरकार

अनुराग ठाकुर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश सरकार ने 23 अक्टूबर को कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले को लेकर जहां कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं भाजपा ने लंबित वित्तीय देनदारियों का मुद्दा उठाकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि महंगाई भत्ते की घोषणा भर से कर्मचारियों और पेंशनरों की वर्षों से लंबित मांगों का समाधान नहीं हो जाता। उन्होंने सरकार से बकाया राशि का भुगतान करने और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।

 

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी करवाने का झांसा देकर उड़ाए नगदी-गहने, डेढ़ साल बाद दबोची शातिर महिला

अनुराग ठाकुर ने जनता का जताया आभार

हमीरपुर के गांधी चौक पर जिला भाजपा की ओर से आयोजित जन्मदिन समारोह में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अनुराग सिंह ठाकुर को बधाई दी। ढोल-नगाड़ों, केक कटिंग, हवन और कन्या पूजन के बीच आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर सहित प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें लगातार अपना समर्थन दिया है और वह आगे भी लोगों की सेवा करते रहेंगे।

डीए की घोषणा पर सवाल

अनुराग ठाकुर ने कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि पेंशनरों और कर्मचारियों की बड़ी राशि लंबे समय से लंबित है। उन्होंने करीब 8,555 करोड़ रुपये के बकाये का जिक्र करते हुए कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके हक का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पानी के टैंक में गिरा साढ़े तीन साल का मासूम, मां-दादी के सामने निकले प्राण

 

भाजपा सांसद ने कहा कि महंगाई भत्ते की किस्त देने की घोषणा अपनी जगह है, लेकिन सरकार को यह भी बताना चाहिए कि कर्मचारियों और पेंशनरों की अन्य लंबित मांगों तथा बकाया राशि का भुगतान कब तक किया जाएगा। उनके अनुसार, कर्मचारियों और पेंशनरों को केवल घोषणाओं से संतुष्ट नहीं किया जा सकता, बल्कि उन्हें वास्तविक वित्तीय राहत मिलनी चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने डीए की घोषणा को नाकाफी बताते हुए कहा कि लंबित देनदारियों के मुकाबले यह राहत ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ जैसी है। 

कर्मचारियों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की रणनीति

हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से विभिन्न वित्तीय मांगों और देनदारियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे में डीए और बकाया भुगतान का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बन गया है। अनुराग ठाकुर ने इसी मुद्दे को उठाते हुए सुक्खू सरकार पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

खिलाड़ियों के हक का मुद्दा भी उठाया

अनुराग ठाकुर ने केवल कर्मचारियों और पेंशनरों तक अपनी बात सीमित नहीं रखी, बल्कि खिलाड़ियों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनके पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से 2026 तक का समय बीतने के बावजूद कुछ खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप मिलने वाले लाभ नहीं मिले हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जगह बारिश-बर्फबारी; जानें अपडेट

 

भाजपा सांसद ने कहा कि खेलों में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना सरकार की जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें घोषित पुरस्कार राशि, आवश्यक संसाधन और सुविधाएं भी समय पर मिलनी चाहिए। 

32 महिला खिलाड़ियों को सम्मान

जन्मदिन समारोह के दौरान जिला भाजपा की ओर से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 32 महिला खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और अन्य खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना बताया गया।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां खेलों में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय महिला खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। ऐसे में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बेहतर संसाधन उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार फिर लेने जा रही 400 करोड़ का लोन, 1.10 लाख करोड़ के पास पहुंचा कर्ज का पहाड़

भाजपा नेताओं की मौजूदगी, जन्मदिन समारोह में दिखा उत्साह

हमीरपुर के गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ सांसद का स्वागत किया और केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर हवन और कन्या पूजन के माध्यम से उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई।

 

इसके अलावा, अनुराग ठाकुर के जन्मदिन पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा और भाजपा नेता ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। इस दौरान कन्या पूजन कर सांसद के अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की गई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख