#राजनीति

January 8, 2026

अनुराग बोले: कांग्रेस की योजना में बनते थे फर्जी मस्टरोल, मोदी सरकार ने सिस्टम बदल गरीबों का किया उत्थान

कांग्रेस को चाहिए गांधी नाम का सहारा, गरीबों से कोई सरोकार नहीं

शेयर करें:

anurag thakur Bilaspur

बिलासपुर। हिमाचल की राजनीति में एक बार फिर मनरेगा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर से कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विकास और पारदर्शिता से घबराई कांग्रेस एक बार फिर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नई व्यवस्था गरीब के हित में है, लेकिन कांग्रेस को हर उस बदलाव से आपत्ति है जो भ्रष्टाचार पर चोट करता है।

नाम गांधी का, सोच राजनीति की

बिलासपुर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को केवल गांधी नाम का सहारा चाहिए, जबकि गांधी जी के मूल सिद्धांतों और गरीब कल्याण से उसका कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पहले योजनाएं चलाई गईं, तब कांग्रेस ने न तो पारदर्शिता सुनिश्चित की और न ही गरीबों का हक सुरक्षित किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खुले आसमान के नीचे लंगर चला रहे वेहले बॉबी, अस्पताल ने नहीं दी जगह- हाईकोर्ट ने लगाई फटकार

पुरानी योजनाओं में फर्जीवाड़ा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में चल रही योजनाएं भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी थीं। फर्जी मास्टर रोल, कागजी मजदूर और बिचौलियों के माध्यम से गरीबों का पैसा लूटा गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में योजनाएं केवल राजनीतिक लाभ के लिए चलाई जाती थीं, न कि गरीब के उत्थान के लिए।

मोदी सरकार में बदला सिस्टम 

भाजपा सांसद ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में व्यवस्था को जड़ से बदला गया। अब योजनाओं की निगरानी सैटेलाइट, जियो टैगिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हो रही है। नई व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल हाजिरी को लागू किया जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और भुगतान समयबद्ध तरीके से होगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के ड्राइवर ने स्कूल बस में मासूम संग की नीचता, कोर्ट ने सुनाई 25 साल की सजा

भ्रष्टाचार पर चोट से बौखलाई कांग्रेस

अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल का हवाला देते हुए कहा कि मनरेगा की राशि वहां बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए गरीबी राजनीति का साधन है, जबकि भाजपा के लिए गरीब सेवा का संकल्प है। कांग्रेस को डर है कि अगर गरीबी खत्म हुई तो उसकी राजनीति की जमीन भी खत्म हो जाएगी।

हिमाचल को मिलेगा फायदा

हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में अनुराग ठाकुर ने कहा कि नई व्यवस्था से प्रदेश को लाभ होगा और राज्य पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि योजना में प्रदेश का योगदान केवल 10 प्रतिशत रहेगा, जबकि शेष जिम्मेदारी केंद्र सरकार निभाएगी। उन्होंने इसे गांधी जी के ग्राम स्वराज की भावना को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार करता रहा इंतजार, घर लौटीं 3 युवकों की देह; चीख-पुकार से दहला इलाका

कांग्रेस के आंदोलन पर भाजपा का पलटवार

उधर, कांग्रेस द्वारा 10 जनवरी से प्रस्तावित राज्यव्यापी आंदोलन पर भी अनुराग ठाकुर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच जाने का कोई ठोस मुद्दा नहीं मिल रहाए इसलिए वह हर जनहितकारी सुधार का विरोध कर रही है। भाजपा का मानना है कि जनता बदलाव को समझ चुकी है और भ्रम फैलाने की राजनीति को नकारेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख