#राजनीति

February 17, 2026

जयराम का तंज: CM की नादौन छोड़ देहरा पर नजर.. 'भाभी' ने फंसाया पेंच; नहीं मिल रही सुरक्षित सीट

जयराम ने डिप्टी सीएम से मांगे सबूत, बोले विशेषाधिकार हनन का मामला

शेयर करें:

Jairam thakur Comment CM Sukhu

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के भीतर और बाहर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि प्रदेश की सत्ताधारी सरकार अब विदा होने की कगार पर है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अब चुनाव लड़ने के लिए जमीन नहीं मिल रही है। खुद सीएम सुक्खू अब अपनी पारंपरिक सीट नादौन को असुरक्षित मान रहे हैं और नई जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन वहां भी उनके लिए राह आसान नहीं है। 

देहरा में भाभी जी की चुनौती

जयराम ठाकुर ने विधानसभा के बाहर कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब नादौन से चुनाव नहीं लड़ना चाहते। वे अपने लिए एक सुरक्षित ठिकाने की तलाश में देहरा की ओर देख रहे हैं। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि  सीएम साहब देहरा से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं, मगर वहां तो "भाभी" जी (मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर) बैठी हैं। भाभी जी ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि वह देहरा नहीं छोड़ेंगी। हम भी भाभी जी के साथ हैं, उन्हें वहां से "डिस्लॉज" बेदखल नहीं किया जाना चाहिए। जयराम ने कटाक्ष किया कि जब घर के भीतर ही सीट को लेकर सहमति नहीं है, तो जनता के बीच कांग्रेस की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बस में सवारी बन बैठा था चिट्टा तस्कर, पुलिस को लगी भनक- हुआ अरेस्ट

कांग्रेस के बड़े नेता ही मैदान छोड़ रहे

नेता प्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री भी चुनाव न लड़ने की बात कर चुके हैं। जयराम ने टिप्पणी की कि जब सत्तारूढ़ कांग्रेस के बड़े नेता ही चुनावी मैदान से पीछे हटने की बातें करने लगें तो छोटे नेताओं का मनोबल कैसा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उनका कहना था कि कांग्रेस नेताओं को अब चुनाव लड़ने के लिए जमीन नहीं मिल रही और यह सरकार की गिरती साख का संकेत है।

जयराम ने अग्निहोत्री से मांगे सबूत

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री द्वारा केंद्र से हिमाचल का पैसा रुकवाने के आरोपों पर जयराम ठाकुर ने कड़ी आपत्ति जताई। जयराम ठाकुर ने कहा कि डिप्टी सीएम केवल अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री उन आरोपों के सबूत दें कि हमने केंद्र से पैसा रुकवाया है। अन्यथा ये विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है और वह इस पर विचार कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर बचाई 2 मरीजों की जान, PGI का झंझट खत्म

 कांग्रेस की विदाई की बज चुकी है शहनाई

प्रशासनिक मशीनरी पर पकड़ ढीली होने का दावा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल के अधिकारी अब कांग्रेस नेताओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी अब कांग्रेस के अधिकार क्षेत्र से बाहर हो गए हैं। सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है, इसलिए कोई भी अफसर इनकी बात नहीं सुन रहा।

ऑल्टो कार वाला पुराना तंज फिर हुआ ताजा

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की गिरती साख पर अपने उस पुराने बयान को भी दोहराया जिसमें उन्होंने कहा था कि 2027 के चुनाव के बाद कांग्रेस का पूरा विधायक दल एक ऑल्टो कार में सिमट जाएगा। उन्होंने कहा कि जब बड़े.बड़े दिग्गज नेता चुनाव मैदान से भाग रहे हैं, तो छोटे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरना स्वाभाविक है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : BSF में असिस्टेंट कमांडेंट बना महेश्वर- वर्दी पहन लौटा गांव, मां का सपना किया पूरा

सरकारी खजाने की बर्बादी का आरोप

सदन में कागज लहराते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को 'झूठ' के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीएस (CPS) मामले में सरकार ने केवल एक पेशी के लिए 1.5 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ प्रदेश कर्ज के तले दबा है और दूसरी तरफ चहेतों को बचाने के लिए जनता की गाढ़ी कमाई लुटाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख