शिमला। किसी ने क्या खूब लिखा है कि मेहनत वो चाबी है, जो सपनों के ताले खोल देती है… हौसले वो पर हैं, जो मंज़िल तक उड़ान भर देते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है शिमला  जिले की बेटी साक्षी शर्मा ने। 

साक्षी ने किया UGC-NET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन 

बता दें कि शिमला जिले के ठियोग तहसील की सैंज पंचायत के गांव लेलूपुल की रहने वाली साक्षी शर्मा ने UGC-NET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। साक्षी ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 242 अंक प्राप्त करते हुए 99.94 % हासिल की और अखिल भारतीय स्तर पर 15वीं रैंक (AIR-15) पाकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मजदूर के बेटे ने पास किया NET का पेपर, वैज्ञानिक बनना चाहता है अनिल

मेहनत और अनुशासन के बल पर हासिल किया मुकाम

साक्षी शर्मा, श्रीमती रीता शर्मा एवं श्री कुंदन लाल शर्मा की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरा ठियोग क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सीमित संसाधनों और पहाड़ी क्षेत्र से ताल्लुक रखने के बावजूद साक्षी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा

बताया जाता है कि साक्षी शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। UGC-NET, JRF जैसी कठिन परीक्षा में इतनी ऊंची रैंक हासिल करना उनकी निरंतर लगन और मजबूत तैयारी का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटियां घर लाई हैंडबॉल ट्रॉफी, गदगद हुए CM-20 लाख के इनाम का किया ऐलान     

साक्षी को दे रहे शुभकामनाएं

साक्षी की सफलता पर गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो गांव-देहात से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें