#उपलब्धि

September 5, 2026

हिमाचल: छोटे से गांव का रितेश भारतीय सेना में बना लेफ्टिनेंट, कंधे पर सितारे सजाते भावुक हुए माता-पिता

पिता को वर्दी में देख जागा देश सेवा का जुनून कड़ी मेहनत से पूरा किया बचपन का सपना

शेयर करें:

Ritesh Rana Lieutenant

भवारना (कांगड़ा)। वीरभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश की मिट्टी में देश सेवा का जज्बा मानो पीढ़ियों से रचा-बसा है। गांवों से निकलने वाले कई युवा सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और जुनून के दम पर भारतीय सेना में जगह बनाकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी गौरवशाली परंपरा में कांगड़ा जिले के भवारना क्षेत्र के एक और युवा ने अपना नाम दर्ज करवाया है।

 

अटियाला दाई के 23 वर्षीय रितेश राणा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने बचपन के सपने को साकार किया है, बल्कि अपने परिवार और पूरे क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है। चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आयोजित पासिंग आउट परेड में रितेश ने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त किया। अब रितेश देश की सेवा का अपना नया सफर 16 मद्रास रेजिमेंट के साथ शुरू करेंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खो दी 27 साल की बेटी, चूड़धार यात्रा पर गई थी - 300 मीटर गहरी खाई में गिरी

बचपन में देखा सपना, जवानी में पहन ली सेना की वर्दी

रितेश राणा का सेना में जाने का सपना कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था। बचपन से ही उनके मन में भारतीय सेना की वर्दी पहनने और देश की सेवा करने की इच्छा थी। इस सपने को मजबूत करने में उनके परिवार की सैन्य पृष्ठभूमि की बड़ी भूमिका रही। रितेश के पिता विक्रम सिंह भारतीय सेना की 6 जैक राइफल्स में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। पिता को लंबे समय तक देश की सेवा करते हुए देखकर रितेश ने भी तय कर लिया था कि वह एक दिन सेना की वर्दी पहनेंगे और अधिकारी बनकर देश की सेवा करेंगे।

 

यह भी पढ़ें : कंगना ने बैठक में खड़े कर दिए अधिकारी, जमकर लगाई क्लास; बोली- आप तो मुझसे भी अच्छी एक्टिंग करते हो

पढ़ाई में भी हासिल की ऊंचाई

रितेश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मरूंह और ठाकुरद्वारा के निजी स्कूलों से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह महाराष्ट्र के पुणे पहुंचे। पुणे में उन्होंने विज्ञान विषय में बीएससी और एमएससी की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा हासिल करने के साथ-साथ उनके मन में सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य लगातार कायम रहा। शैक्षणिक उपलब्धियों और सैन्य सेवा के सपने को साथ लेकर रितेश ने कड़ी मेहनत की और आखिरकार वह मुकाम हासिल कर लिया जिसका सपना उन्होंने बचपन में देखा था।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही: फ्लैश फ्लड से 4 हाइड्रो प्रोजेक्ट को नुकसान; लोगों में मची अफरा तफरी 

पासिंग आउट परेड में चमक उठा परिवार का सीना

चेन्नई में आयोजित पासिंग आउट परेड रितेश के लिए ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण पल रहा। सैन्य प्रशिक्षण की कठिन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब रितेश ने अधिकारी के रूप में कमीशन हासिल किया तो परिवार की वर्षों की उम्मीद और उनकी मेहनत एक उपलब्धि में बदल गई। रितेश के लेफ्टिनेंट बनने की खबर जैसे ही उनके पैतृक क्षेत्र में पहुंची, बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : विजिलेंस ने जमीन फर्जीवाड़े में धरा MLA सुधीर शर्मा का करीबी, 300 रजिस्ट्रियां- 400 कनाल जमीन...

पिता की वर्दी से मिली प्रेरणा

रितेश की सफलता में उनके पिता की सैन्य पृष्ठभूमि की झलक साफ दिखाई देती है। जिस वर्दी को उनके पिता ने वर्षों तक पहनकर देश की सेवा की, उसी वर्दी को अब उनका बेटा अधिकारी के रूप में पहनने जा रहा है। यह उपलब्धि परिवार के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि रितेश ने अपने पिता से प्रेरणा लेकर सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित किया और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की। उनकी माता रजनी कुमारी गृहिणी हैं, जबकि बहन ममता राणा विवाहित हैं।

सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को

लेफ्टिनेंट बनने के बाद रितेश राणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के बिना यह उपलब्धि हासिल करना आसान नहीं था। उन्होंने अपने माता-पिता, बहन, स्वर्गीय दादा अमीन चंद, दादी सरस्वती देवी और गुरुजनों के योगदान को विशेष रूप से याद किया। रितेश के अनुसार, परिवार से मिला संस्कार और मार्गदर्शन ही उन्हें अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ाता रहा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख