#उपलब्धि
March 10, 2026
हिमाचल: पूरे गांव से पहले लेफ्टिनेंट बने अभिनंदन, कोस्ट गार्ड और एयरफोर्स में भी हुआ था चयन
भारतीय सेना की एविएशन कोर में लेफ्टिनेंट बने अभिनंदन चंदेल
शेयर करें:

हमीरपुर। वीरभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के कई युवा सेना की वर्दी पहन कर सरहदों पर देश की रक्षा में तैनात हैं। सेना की वर्दी पहनने के लिए हिमाचल के युवा कड़ी मेहनत करते हैं और छोटे से लेकर बड़े पदों पर अपनी पहुंच बना रहे हैं। इसी कड़ी में अब हिमाचल के हमीरपुर के बेटे ने लेफ्टिनेंट बन ना सिर्फ अपने गांव का बल्कि पूरे हिमाचल का नाम रोशन कर दिया है।
दरअसल हमीरपुर जिला के मौहीं गांव के होनहार युवक अभिनंदन चंदेल भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना की एविएशन कोर में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
अभिनंदन का सपना बचपन से ही सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करना था। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने लगातार इस लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा पास कर सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा कर दिखाया। अभिनंदन की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका चयन एक साथ कई सैन्य सेवाओं में हुआ था। उन्हें भारतीय तटरक्षक बल में सहायक कमांडेंट और भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का अवसर भी मिला था, लेकिन उन्होंने देश की सेवा के लिए भारतीय थल सेना को चुना।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 26 की उम्र में देश पर कुर्बान हो गया अक्षित, कमांडो ट्रेनिंग के बाद छुट्टी लेकर आना था घर
अभिनंदन की प्रारंभिक पढ़ाई डीएवी स्कूल कांगू से हुई, जहां से उन्होंने जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विज्ञान स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उनके पिता सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैंए जबकि उनकी माता भी एक शिक्षिका हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन का माहौल होने के कारण उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का 26 वर्षीय जवान शहीद- J&K में ट्रेनिंग के दौरान तोड़ा दम, कल घर पहुंचेगी पार्थिव देह
अभिनंदन अपने गांव के पहले युवा हैं जो सेना में अधिकारी बने हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है और युवाओं को भी देश सेवा के लिए प्रेरणा मिल रही है। जब अभिनंदन प्रशिक्षण पूरा कर अपने गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों ने फूल.मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बंद RDG केंद्र से बहाल करवाएंगे नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, सुक्खू सरकार में जगी उम्मीद
अभिनंदन की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हमीरपुर जिले के लिए गर्व की बात बन गई है। अब क्षेत्र के कई युवा भी सेना में जाकर देश सेवा करने का सपना देख रहे हैं।