सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित शिलाई क्षेत्र की दो होनहार खिलाड़ियों का अंडर 20 राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी टीम में चयन हुआ है। बता दें कि निशा शर्मा और निकिता सिंघानिया अंडर 20 राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुईं है। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
पिता को खोया, फिर भी जारी रखा संघर्ष
बताते चलें कि गंगटोली की मूल निवासी निशा शर्मा ने हाल ही में अपने पिता को एक सड़क दुर्घटना में खो दिया था। 2020 में हुए कार हादसे में पिता को खोने के बाद निशा ने अपना संघर्ष जारी रखा। बता दें कि निशा ने तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कोल्ड वेव की चेतावनी, माइनस में पहुंचा तापमान
भाई ने किया था समर्थन
बता दें कि निशा के भाई, कपिल शर्मा ने निशा के खेल को प्रोत्साहित करते हुए आगे बढ़ने का हौसला दिया है। कपिल शर्मा पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं और निशा को एक पिता की तरह उनकी राह दिखाते रहते हैँ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ड्राइवर की बेटी का कमाल- नहीं आती थी इंग्लिश, अब जर्मनी में बजाएगी डंका
निकिता सिंघानिया का भी राष्ट्रीय स्तर पर चयन
वहीं, इसी क्षेत्र की बेटी निकिता सिंघानिया का चयन भी कबड्डी टीम में हुआ है। निकिता सिंघानिया दूधवानी की निवासी हैं, जिन्होंने कबड्डी के खेल में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी बड़ी बहन अंजू सिंघानिया हिमाचल प्रदेश पुलिस में एसआई के पद पर स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती हुई हैं। निकिता और निशा दोनों ही सिरमौर कबड्डी अकादमी पोंटा साहिब में कोच अमित धीमान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही थीं।
यह भी पढ़ें : विधानसभा विंटर सेशन- आज होगी सुक्खू सरकार की परीक्षा, विपक्ष का पहला ही सवाल OPS पर
कोच अमित धीमान ने दी शुभकामनाएं
उधर, कोच अमित धीमान ने इन दोनों खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम और समर्पण को सराहा है और इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की ढेर सारी शुभकामनाएं दी गई हैं। शिलाई और गिरिपार क्षेत्र के लोग इन खिलाड़ियों की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें अपनी प्रेरणा मानते हैं।