शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज राज्य कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी और विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी जा सकती है।
राज्यपाल के अभिभाषण को मिलेगी मंजूरी
कैबिनेट बैठक में सबसे पहले राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी दिए जाने की संभावना है, क्योंकि हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च से शुरू होने वाला है। बजट सत्र के दौरान सरकार की आगामी योजनाओं और नीतियों की रूपरेखा तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर जनता को देंगे स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ब्रांच की सौगात- और क्या देंगे, यहां जानें
बस किराया बढ़ोतरी पर होगा फैसला
बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा प्रस्तावित बस किराया बढ़ाने के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा। HRTC ने न्यूनतम बस किराया 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने और सामान्य किराए में 20% वृद्धि का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।
यह भी पढ़ें : एयरलिफ्ट कर मनाली पहुंचाया मरीज- हालत में सुधार देख ग्रामीणों ने प्रशासन का जताया आभार
इसके अलावा प्राइवेट बस ऑपरेटर भी लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में राज्य सरकार महिलाओं को बस किराए में 50% छूट दे रही है, जिससे राजस्व पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में कैबिनेट यह तय करेगी कि बजट सत्र से पहले किराया बढ़ाया जाए या नहीं।
स्कूलों-कॉलेजों के युक्तिकरण पर फैसला संभव
शिक्षा विभाग ने स्कूलों और कॉलेजों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। यदि सरकार इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है तो 25 से कम छात्रों वाले 257 स्कूल बंद हो सकते हैं, जबकि 100 से कम छात्रों वाले कुछ सरकारी कॉलेजों को बंद करने का फैसला भी लिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : मंदिरों से कोई फंड नहीं लेगी हिमाचल सरकार, बवाल के बाद मुकेश का यू-टर्न
इसके अलावा शिक्षा निदेशालय के पुनर्गठन पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री सुक्खू की मंशा है कि प्राथमिक से 12वीं कक्षा तक की शिक्षा के लिए एक ही निदेशालय बनाया जाए, जबकि कॉलेजों के लिए अलग से एक स्वतंत्र निदेशालय हो। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर कैबिनेट में निर्णय लिया जा सकता है।
नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मिल सकती है मंजूरी
कैबिनेट में HRTC को नई बसें खरीदने की मंजूरी भी दी जा सकती है। इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है, जिसे अब मंजूरी मिलने की संभावना है। यह फैसला राज्य में सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने और प्रदूषण को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है।
सरकारी विभागों में भर्ती को लेकर चर्चा
बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नई भर्तियों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। प्रदेश में सरकारी नौकरियों को लेकर लगातार मांग उठ रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार इस पर विचार कर सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिगड़ा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट
प्रदेशवासियों को मिल सकते हैं बड़े फैसले
आज की बैठक में लिए जाने वाले निर्णय कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर असर डाल सकते हैं। चाहे बस किराए में बढ़ोतरी हो, स्कूल-कॉलेजों का युक्तिकरण हो, नई बसों की खरीद हो या सरकारी भर्तियां – इन सभी फैसलों का प्रभाव सीधे जनता पर पड़ेगा। अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में क्या बड़े फैसले लिए जाते हैं।
