#राजनीति
October 1, 2026
3 दिन गांव से चलेगी सुक्खू सरकार- ग्रामीणों संग वक्त बिताएंगे CM, रात्रि ठहराव का भी प्रोग्राम
1 से 3 अक्टूबर तक रहेगा तीन दिवसीय दौरा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के CM दूर दराज के गांव में लोगों से संवाद करने जा रहे हैं। छात्रों से मुलाकात की जाएगी, गांव में ही रात बिताने का भी प्रोग्राम है और इसी दौरान CM ग्रामीणों के साथ भोजन करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। CM सुक्खू का तीन दिवसीय दौरा ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू 1 अक्टूबर से रोहड़ू और रामपुर विधानसभा क्षेत्रों के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।यह दौरा केवल सरकारी कार्यक्रमों और विकास योजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों से संवाद करने का भी जरिया बनेगा।
रात्रि ठहराव: 1 अक्टूबर को भटवारी गांव और 2 अक्टूबर को पाट गांव में प्रस्तावित है।
CM 1 अक्टूबर को शिमला से हेलीकॉप्टर के जरिए रोहड़ू पहुंचेंगे। यहां पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोहड़ू में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद एंटी-चिट्टा रैली को फ्लैग ऑफ किया जाएगा और मुख्यमंत्री इसमें भी हिस्सा लेंगे। नशे के खिलाफ इस अभियान में युवाओं की भागीदारी को प्रमुखता दी जाएगी।
रोहड़ू के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री चिड़गांव पहुंचेंगे। यहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही CM जनसभा को संबोधित करेंगे और क्षेत्र के लोगों से संवाद करेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री संदाशु स्थित बिजली बोर्ड के रेस्ट हाउस में रुकेंगे।
1 अक्टूबर की शाम CM ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भटवारी गांव पहुंचेंगे। यहां वह ग्रामीणों के साथ सीधे बातचीत करेंगे। महिला मंडल और युवक मंडल के सदस्यों से भी क्षेत्र की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी भटवारी गांव में ही प्रस्तावित है। ग्रामीणों के साथ भोजन और रात्रि ठहराव के जरिए सरकार और गांव के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।
दौरे के दूसरे दिन 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भटवारी में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रोहड़ू जाएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे।
रामपुर पहुंचने के बाद शिंगला में मुख्यमंत्री कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यहां वह स्थानीय जनता से भी संवाद करेंगे और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को सुनेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री तकलेच में संक्षिप्त ठहराव करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री अति दुर्गम क्षेत्र काशापाट जाएंगे। यहां बस स्टैंड पर ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित होगा। CM जनता के साथ-साथ महिला मंडलों और युवक मंडलों के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे। स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लेने का प्रयास रहेगा। 2 अक्टूबर की रात मुख्यमंत्री का ठहराव पाट गांव में प्रस्तावित है।
तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन 3 अक्टूबर को CM पाट गांव से नोगली पहुंचेंगे। यहां जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री रामपुर के पदम उत्कृष्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचेंगे, जहां छात्रों के साथ संवाद करेंगे। रामपुर में भी एंटी-चिट्टा रैली का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री रैली को फ्लैग ऑफ करने के साथ इसमें शामिल होंगे।
CM के इस दौरे में विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे पहुंचकर लोगों से बातचीत पर विशेष जोर दिया गया है। खासकर रोहड़ू और रामपुर के दूरदराज क्षेत्रों में रात का ठहराव सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहेगा। तीन दिनों के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और छात्रों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास की जरूरतों को जानेंगे। 3 अक्टूबर को रामपुर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शिमला लौटेंगे।