धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की टिप्पणी को लेकर नया सियासी बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इसे मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताते हुए मोर्चा खोल दिया है। धर्मशाला में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए तथा भाजपा विधायक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर उनके सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सुधीर शर्मा ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी तो विरोध प्रदर्शन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

गुरुवार को धर्मशाला के कचहरी चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए गए और विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। माहौल उस समय और गरमा गया जब कार्यकर्ताओं ने सुधीर शर्मा का पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इससे पुतला दहन तो नहीं हो सका, लेकिन प्रदर्शन काफी देर तक जारी रहा।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार का हिमाचल को बड़ा तोहफा: भारत-तिब्बत सीमा से जुड़े 180 किमी NH की बदलेगी तस्वीर

क्या था पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू के हालिया चंबा दौरे पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के चंबा में कटवाए गए बालों को संग्रहालय में रखा जाना चाहिए और उन पर डीएनए स्टडी कराई जानी चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने चंबा की पारंपरिक संस्कृति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर तंज भी कसा।

 

यह भी पढ़ें : रंग लाई मंत्री विक्रमादित्य की मेहनत : केंद्र से PMGSY के बजट में बड़ा इजाफा- मिलेंगे 2247 करोड़

 

सुधीर शर्मा ने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश सरकार के खिलाफ एक विस्तृत चार्जशीट तैयार कर रही है, जिसमें कथित राजनीतिक उत्पीड़न से जुड़े दस्तावेज भी शामिल होंगे।

कांग्रेस का पलटवार, कहा— लोकतांत्रिक मर्यादा का उल्लंघन

सुधीर शर्मा के बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता एवं धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्द किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा नहीं हो सकते।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुधीर - होशियार के बाद अब विजिलेंस के राडार पर एक और भाजपा नेता, गरमाई सियासत

 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक विजिलेंस जांच से घबराए हुए हैं और इसी वजह से इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। यदि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है तो जांच का सामना करना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीतिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करना चाहिए।

 

'माफी मांगें, नहीं तो प्रदेशभर में होगा आंदोलन'

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के संवैधानिक प्रमुख हैं और उनके खिलाफ इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी ने मांग की कि सुधीर शर्मा सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री से माफी मांगें। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी पूरे हिमाचल में आंदोलन को और व्यापक करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता राजनीतिक मुद्दों पर बहस चाहती है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों और कटाक्ष की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां धंसने लगा पूरा पहाड़, 150 से अधिक घरों में आई दरारें, डर के साये में ग्रामीण

बयान से और गरमाई हिमाचल की सियासत

सुधीर शर्मा की टिप्पणी और उसके बाद कांग्रेस के आक्रामक विरोध ने हिमाचल की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। एक ओर भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगा रही है, वहीं कांग्रेस इसे मुख्यमंत्री के सम्मान और लोकतांत्रिक गरिमा से जोड़कर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुट गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को घर लौट रहे थे दो यार, गहरी खाई में समाई कार- 5 बच्चों ने खोए पिता

 

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और गहरा सकता है, क्योंकि दोनों दल अब इस मुद्दे पर खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा विधायक अपने बयान पर कायम रहते हैं या कांग्रेस की मांग के बीच कोई नया राजनीतिक मोड़ सामने आता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें