सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में पंचायत चुनावों को लेकर गांव-गांव में राजनीतिक माहौल गर्म है। प्रधान, उपप्रधान और पंच पदों के लिए दावेदार लगातार लोगों से संपर्क साध रहे है। इसी बीच कुछ पंचायतों ने आपसी सहमति और एकजुटता की मिसाल भी पेश की है।
शीना पंचायत दूसरी बार चुनी गई निर्विरोध
जिले की शीना पंचायत ने लगातार दूसरी बार पूरे पंचायत प्रतिनिधियों का निर्विरोध चयन कर नया उदाहरण कायम किया है। इससे पहले टटियाण और दाड़ो देवरिया पंचायत भी सर्वसम्मति से चुनी जा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज से शुरू होगा नामांकन, गांवों में बढ़ी हलचल- कई रिश्ते दांव पर
कई पंचायतों में चर्चा
वहीं, कई अन्य पंचायतों में अभी बैठकों और आपसी चर्चाओं का दौर जारी है, ताकि पूरे पैनल को निर्विरोध चुना जा सके। गांवों में लोग विकास और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए सहमति बनाने में जुटे हैं।
ग्राम सभा में हुआ फैसला
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की शीना पंचायत में पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। इस बैठक में निवर्तमान प्रधान सुशीता देवी, पूर्व प्रधान उषा सूद, पूर्व बीडीसी सदस्य जगदीश चंद्र, पूर्व उपप्रधान सुभाष अत्री और कृष्ण शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चर्चा और सहमति के बाद पंचायत के सभी प्रतिनिधियों को निर्विरोध चुन लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बदली परिवार की परिभाषा, सास-ससुर ने किया अवैध कब्जा- तो बहू भी नहीं लड़ पाएगी चुनाव
सर्वसम्मति से लिया फैसला
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में आपसी सहयोग और विकास की भावना को बनाए रखने के लिए सर्वसम्मति का फैसला लिया गया। यही कारण रहा कि लगातार दूसरी बार बिना चुनावी मुकाबले के पूरा पैनल चुना गया। पंचायत के लोगों का मानना है कि चुनावी खींचतान से बचकर विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दिया जा सकेगा।
25 लाख मिलेगी प्रोत्साहन राशि
प्रदेश सरकार द्वारा निर्विरोध चुनी जाने वाली पंचायतों के लिए प्रोत्साहन राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये किए जाने के बाद कई पंचायतों में सहमति बनाने की कोशिशें तेज हुई हैं। यह राशि पंचायत के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनहित योजनाओं पर खर्च की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी, एक घर का बुझ गया चिराग; 26 साल थी उम्र
2020 में बनी थी नई पंचायत
गौरतलब है कि शीना पंचायत नवंबर 2020 में डिलमन पंचायत से अलग होकर नई पंचायत बनी थी। इसके बाद जनवरी 2021 में हुए पहले पंचायत चुनाव में भी यहां पूरा पैनल सर्वसम्मति से चुना गया था। उस समय जिला सिरमौर की 33 पंचायतों में निर्विरोध चुनाव हुए थे।
रिटायर्ड टीचर को बनाया प्रधान
इस बार प्रधान पद के लिए शिक्षा विभाग से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए यशवंत सिंह ठाकुर को चुना गया है, जबकि देवराज कश्यप को उपप्रधान बनाया गया है। इसके अलावा पंचायत के पांचों वार्डों शीना-एक, शीना-दो, धारों खराड, कांगर खोपर और अड़गू से भी पंच निर्विरोध चुने गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गहरी नींद में सो रहे थे प्रोजेक्ट कर्मचारी, अचानक दहक उठा शेड; दो मजदूर जिं*दा ज..ले
नई योजनाओं पर होगा काम
नवनियुक्त प्रधान यशवंत सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायत की ओर से जल्द ही निर्विरोध चुने गए प्रतिनिधियों की सूची विकास खंड अधिकारी पच्छाद को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा।
