कांगड़ा। समय के साथ बच्चों और युवाओं में बढ़ता मानसिक दबाव एक गंभीर चिंता बनता जा रहा है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद खौफनाक और दुखद मामला सामने आया है, यहां एक छात्रा ने कॉलेज के कमरे में आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और माहौल गमगीन हो गया है।
पहली बस से कॉलेज पहुंची छात्रा
जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर स्थित KLB कॉलेज का है। यहां पर BA सेकेंड सेमेस्टर की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आज वीरवार को छात्रा सुबह पहली बस में घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जबकि आम दिनों में वह दूसरी बस से कॉलेज पहुंचती थी। कॉलेज पहुंचने के बाद वह सीधे अपने क्लासरूम में गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मंदिर के रास्ते में दिखे एक साथ पांच बड़े-बड़े अजगर, लोगों में फैली दहशत
क्लासरूम के पंखे से लगा लिया फंदा
कुछ समय बाद उसने क्लासरूम के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जब अन्य छात्रों और स्टाफ को इसकी जानकारी मिली तो कॉलेज हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत कॉलेज प्रशासन द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घर से बैग में लेकर आई थी दुपट्टा
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा अपने घर से ही दुपट्टा लेकर आई थी। कॉलेज की यूनिफॉर्म में दुपट्टा शामिल नहीं होता, ऐसे में यह माना जा रहा है कि वह पहले से ही इस कदम की तैयारी में थी। उसने दुपट्टा अपने बैग में अलग से रखा हुआ था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के कांग्रेस नेता को भेजा तिहाड़ जेल, PM मोदी से जुड़ा है मामला
पुलिस के हाथ लगी CCTV कैमरों की फुटेज
वहीं, कॉलेज में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में देखा गया कि छात्रा पहले क्लासरूम में गई, फिर कुछ देर बाद बाथरूम गई और वापस आकर क्लासरूम का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
मृतक की पहचान
मृतक छात्रा की पहचान तमन्ना उर्फ तनु के रूप में हुई है, जो तिनबड़ के पास ढंडेरा गांव की रहने वाली थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पीलिया का कहर : एक ही क्षेत्र के 210 लोग चपेट में आए- 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौ*त
पुलसि कर रही मामले की गहन जांच
हालांकि, छात्रा ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है और छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों व परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव और कॉलेज में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की असली वजह सामने आ पाएगी।
