कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां कांगड़ा शहर में एक 26 साल के युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जवान बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
विदेश में करता था नौकरी
बताया जा रहा है कि युवक विदेश में नौकरी करता था। अभी दो-तीन महीने पहले ही वह हिमाचल में अपने घर आया था। युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।
बेटे ने काफी देर तक नहीं खोला कमरा
जानकारी के अनुसार, बीते कल युवक के परिजनों ने उसका कमरा बंद देखा। जिसके चलते उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक युवक ने दरवाजा नहीं खोला। ऐसे में शक होने पर युवक के परिजनों ने घर के पीछे जाकर खिड़की से अंदर कमरे में देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।पिता को
फंदे से झूलता मिला शव
परिजनों ने देखा कि कमरे के अंदर युवक फंदे से लटका हुआ था। युवक के पिता खिड़की से कमरे में घुसे और अपने बेटे को फंदे से नीचे उतारा। इसी बीच घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिजन आनन-फानन में युवक को बेसुध हालत में स्थानीय अस्पताल ले गए। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
नहीं मिला कोई भी सुसाइड नोट
वहीं, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस टीम को युवक के कमरे से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल, पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।