#विविध
March 19, 2026
हिमाचल : मंदिर के रास्ते में दिखे एक साथ पांच बड़े-बड़े अजगर, लोगों में फैली दहशत
सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है अजगर की वीडियो
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में इन दिनों एक अनोखी लेकिन लोगों को दहशत में डाल देने वाली घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। टल्ला विट क्षेत्र की लपियाणा रेंज के लोअर हिल्स इलाके में स्थित कलोथर माता मंदिर के रास्ते में एक साथ पांच अजगर दिखाई दिए हैं।
अजगरों की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यह नजारा 15 मार्च का बताया जा रहा है- जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पांचों अजगर एक ही जगह पर आपस में लिपटे हुए हैं। ऐसा दृश्य आमतौर पर बहुत कम देखने को मिलता है, इसलिए इलाके में इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है। खासकर उन लोगों में जो जंगल या मंदिर के आसपास रोजाना आते-जाते हैं।
हिमाचल: कांगड़ा जिले के कालोथरा माता मंदिर, गेहलियां में Indian Rock Python (अजगर) दिखाई दिए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। pic.twitter.com/Ky4X5cdpdC
— Deeksha News4Himachal (@deekshaN4H) March 19, 2026
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इतने बड़े आकार के सांपों को एक साथ देखना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था। हालांकि, वीडियो में यह भी नजर आया कि कुछ लोग इन अजगरों पर पत्थर फेंक रहे थे- जो वन्यजीवों के प्रति लापरवाही और अज्ञानता को दर्शाता है।
इस मामले को लेकर धर्मशाला के DFO अमित शर्मा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि अजगर यानी पायथन हिमाचल प्रदेश में स्वाभाविक रूप से पाए जाते हैं और यह कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि ये सांप विषहीन होते हैं और आमतौर पर इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होते।
उन्होंने यह भी कहा कि पायथन को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-1 में रखा गया है, जिसका मतलब है कि इन्हें सर्वोच्च स्तर की कानूनी सुरक्षा प्राप्त है। यदि कोई व्यक्ति इन्हें नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
वन विभाग के अनुसार, अजगर जैसे सांप पर्यावरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ये छोटे जानवरों और कभी-कभी बकरियों जैसे पशुओं का शिकार करते हैं, जिससे जंगलों में संतुलन बना रहता है। इनके होने से अन्य जीवों की आबादी नियंत्रित रहती है।
हालांकि, हिमाचल में कुछ जहरीले सांप भी पाए जाते हैं, जिनमें ग्रीन पिट वाइपर, हिमालयन पिट वाइपर, रसल वाइपर और कोबरा शामिल हैं। लेकिन पायथन और रैट स्नेक जैसे सांप विषहीन होते हैं और बिना वजह हमला नहीं करते।
वन विभाग ने लोगों से साफ तौर पर अपील की है कि अगर कहीं सांप दिखाई दें तो घबराने की जरूरत नहीं है और न ही उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देना सबसे सही कदम है- ताकि विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से उन्हें जंगल में छोड़ सके।
कांगड़ा जिला ऐसा इलाका है जहां समय-समय पर अजगरों के दिखने की घटनाएं सामने आती रही हैं। लेकिन एक साथ पांच अजगरों का दिखना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है। यही वजह है कि यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच जिज्ञासा के साथ-साथ डर भी पैदा कर रहा है।