मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी HRTC के कंडक्टर को स्कूटी हटाने को कहने पर बेरहमी से पीट दिया गया। हमले में शामिल मुख्य आरोपी कथित तौर पर एक विधायक के ड्राइवर का बेटा बताया गया है। घटना के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

गाली-गलौज पर उतरा युवक

मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब खुड्डी से जोगिंद्रनगर जा रही बस HP 53-8830 को रास्ते में खड़ी एक स्कूटी के कारण आगे बढ़ने में दिक्कत हो रही थी। कंडक्टर द्वारा स्कूटी हटाने का अनुरोध करना ही उसके लिए भारी पड़ गया।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब व्यवस्था परिवर्तन, बिना डॉक्टर के एक विस की सभी 19 डिस्पेंसरी

बताया जा रहा है कि, स्कूटी सवार युवक इस बात से भड़क गया और पहले गाली-गलौज पर उतर आया। इसके बाद उसने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने मिलकर कंडक्टर पर हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

विधायक के ड्राइवर का बेटा है आरोपी!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना तेज था कि कंडक्टर खून से लथपथ हो गया। इस घटना के बाद HRTC कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश बनी काल- खड्ड में समाई बोलेरो, एक ही गांव के दो युवकों की मौ*त

मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि मुख्य आरोपी किसी विधायक के ड्राइवर का बेटा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

पीड़ित पर बनाया गया समझौते का दबाव

घटना के विरोध में कर्मचारियों ने संबंधित रूट पर चलने वाली तीन बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : सलमान करता था हिमाचल में चिट्टा सप्लाई : मैकेनिक का काम कर बनाया था नेटवर्क- पकड़ा गया

यूनियन के प्रतिनिधियों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए। नवीन ठाकुर और ललित राजपूत ने आरोप लगाया कि पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाया गया।

आधिकारिक बयान नहीं आया सामने

वहीं घायल कंडक्टर लकी कुमार ने दावा किया कि पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन कार्रवाई में ढिलाई बरती गई और उनसे दबाव में हस्ताक्षर करवाए गए। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें