ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रोज़ी-रोटी कमाने सात समंदर पार अबू धाबी गए ऊना के एक व्यक्ति की ड्रोन हमले में दर्दनाक मौत हो गई। इस खबर ने ना केवल उनके परिवार को तोड़ कर रख दिया है बल्कि पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

अबू धाबी में हुआ भीषण ड्रोन हमला

मृतक की पहचान ऊना के मजारा गांव निवासी 52 वर्षीय जसविंदर सिंह उर्फ शम्मी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ये दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब जसविंदर सिंह अबू धाबी के एक क्षेत्र में अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। 

 

यह भी पढ़ें : लद्दाख के जोजिला दर्रे पर एवलांच, 7 लोगों की मौ*त-श्रीनगर-लेह हाईवे बंद

 

बताया जा रहा है कि उसी वक्त वहां एक ड्रोन हमला हुआ जिसकी चपेट में जसविंदर सिंह आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि जसविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती खबरों के मुताबिक ये हमला एक प्रतिबंधित क्षेत्र के पास हुआ जिसने वहां मौजूद हर चीज को अपनी चपेट में ले लिया।

परिवार का एकमात्र सहारा थे जसविंदर

जसविंदर सिंह पिछले कई वर्षों से अबू धाबी में बतौर ड्राइवर काम कर रहे थे। वे अपने पीछे परिवार की जिम्मेदारी छोड़ गए हैं जिनका भरण-पोषण वे विदेश में रहकर कर रहे थे। वे अकसर काम के सिलसिले में घर आते-जाते रहते थे और हाल ही में छुट्टियां बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि इस बार की विदाई आखिरी होगी।

 

यह भी पढ़ें : वाह हिमाचल पुलिस! बर्फ में फंसे टूरिस्ट को कंधे पर उठाया, तय किया 3KM का सफर- बचाई जा*न

शव लाने की कोशिशें शुरू

जैसे ही इस दुखद घटना की खबर ऊना के मजारा गांव पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है। स्थानीय प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

 

प्रशासन की कार्रवाई:

  • SDM ऊना अभिषेक मित्तल ने मामले की पुष्टि की है। 
  • प्रशासन परिजनों के संपर्क में है और शव को वापस वतन लाने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई की जा रही है।
  • विदेश मंत्रालय के माध्यम से आगामी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उनके प्रियजन का पार्थिव शरीर मिल सके।

यह भी पढ़ें : HRTC बस में सवार थे महिला-पुरूष, सामान में थी चरस की खेप- पुलिस को देख छूटा पसीना

एक मेहनती इंसान का दुखद अंत

जसविंदर सिंह की मौत ने उन हजारों प्रवासियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं जो अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए खाड़ी देशों में संघर्ष कर रहे हैं। मजारा गांव के लोग आज उस व्यक्ति की याद में डूबे हैं जो अपनी मेहनत से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।