#अपराध

March 28, 2026

HRTC बस में सवार थे महिला-पुरूष, सामान में थी चरस की खेप- पुलिस को देख छूटा पसीना

पकड़े जाने पर दोनों ने बनाया भक्ति का बहाना

शेयर करें:

Himachal News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत ज्वालामुखी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक HRTC बस में तस्करी की जा रही 447 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

कैसे हुई गिरफ्तारी ?

घटना उस समय की है जब ज्वालामुखी थाना प्रभारी संदीप पटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी बीच पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि नादौन की ओर से आ रही 'सराहन-चिंतपूर्णी' रूट की बस में नशीले पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मौसम की अटखेलियां जारी, तेज हवाओं संग होगी बारिश- बर्फबारी के भी पूरे आसार

 

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और बस को तलाशी के लिए रुकवाया। संदेह होने पर जब बस में सवार दो यात्रियों के सामान की जांच की गई तो उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरस को कब्जे में लिया और दोनों को हिरासत में ले लिया।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शिमला जिले के रहने वाले हैं:

  • कृष्ण सिंह ठाकुर (47): निवासी गांव घुणड़, तहसील ठियोग।
  • वीना देवी (46): निवासी गांव शमाथला, तहसील कुमारसैन।

बचने के लिए बनाया 'भक्ति' का बहाना

पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने कड़ाई दिखाई तो आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए एक अजीब तर्क दिया। उन्होंने दावा किया कि वे ज्वालामुखी मंदिर में माता के दर्शन करने जा रहे थे। हालांकि पुलिस का मानना है कि ये केवल पकड़े जाने से बचने का एक बहाना था। 

 

यह भी पढ़ें : लो जी....सुक्खू सरकार ने हिमाचल में लगा दिया नया टैक्स, अब महंगा हो सकता है बोतल बंद पानी

 

अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि इतनी चरस वे कहां से लाए थे और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि कॉल डिटेल्स के जरिए नशे के इस पूरे नेटवर्क (सिंडिकेट) का पर्दाफाश किया जा सके।

पुलिस की आगामी कार्रवाई

SP देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि ये पता लगाया जा सके कि इस काले कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख