#अपराध
May 10, 2026
हिमाचल में शादी के दो दिन पहले दुल्हन को भगा ले गया लतीफ, फिर की नीचता- केस दर्ज
पहले से शादीशुदा था लतीफ-युवती को जाल में फंसा चला था दूसरी शादी करने
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी से ठीक दो दिन पहले युवती के अचानक लापता होने के चर्चित मामले ने अब बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। युवती ने लतीफ के खिलाफ दुष्कर्म के गंभीर आरोप जड़े हैं।
अंब कोर्ट में युवती के बयान कलमबद्ध किए गए हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने युवक लतीफ के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 5 मई को युवती के परिजनों ने थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि पड़ोसी गांव का एक युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। मामला उस समय और संवेदनशील हो गया जब यह सामने आया कि आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों की मदद से कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर लुधियाना से युवती को बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट में दर्ज बयानों में युवती ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी लतीफ ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 87 के साथ धारा 69 भी जोड़ दी है। धारा 69 शादी का झूठा वादा कर बनाए गए शारीरिक संबंधों से संबंधित मानी जाती है।
अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवती को किस परिस्थिति में अपने साथ ले जाया गया और दोनों के बीच संबंध कब से थे।
घटना ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। युवती की शादी बीते वीरवार को तय थी और दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे थे। मगर अचानक हुए घटनाक्रम ने माहौल पूरी तरह बदल दिया। वहीं आरोपी युवक का परिवार और उसका ससुराल पक्ष भी इस मामले के बाद तनाव में बताया जा रहा है।
मामला उस समय और गर्मा गया जब कुछ दिन पहले थाना परिसर के बाहर आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों का आरोपी के परिजनों से आमना-सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस हर एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।