#विविध
March 28, 2026
वाह हिमाचल पुलिस! बर्फ में फंसे टूरिस्ट को कंधे पर उठाया, 3KM पैदल चलकर बचाई जा*न
ट्रैकिंग के दौरान फंसा युवक
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने आते हैं। बर्फ से ढकी वादियां जितनी खूबसूरत दिखती हैं, उतनी ही खतरनाक भी साबित हो सकती हैं। थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है और कई बार लोग मुश्किल हालात में फंस जाते हैं। ऐसा ही एक मामला जिला कुल्लू से सामने आया है, जहां ट्रेकिंग के लिए आया एक युवक बर्फ के बीच फंस गया और उसकी जान खतरे में पड़ गई। ऐसे मुश्किल हालात में मनाली पुलिस उसके लिए देवदूत बनकर सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, केरल का रहने वाला 20 साल का युवक अकेले व्यासकुंड की ओर ट्रैकिंग के लिए निकला था। इसी दौरान वह भारी बर्फबारी में फंस गया। उसके जूते भी बर्फ में गुम या पूरी तरह भीग गए थे, जिसके कारण वह चलने में पूरी तरह असमर्थ हो गया।

यह भी पढ़ें : BIG BREAKING: लद्दाख के जोजिला दर्रे पर एवलांच, 7 लोगों की मौ*त-श्रीनगर-लेह हाईवे बंद
बीते शुक्रवार को इस घटना की सूचना पुलिस थाना मनाली को 112 नंबर के जरिए मिली। सूचना मिलते ही अटल टनल रोहतांग में तैनात पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। जब टीम वहां पहुंची तो युवक धुंधी ब्रिज से करीब 2-3 किलोमीटर ऊपर बर्फ के बीच फंसा हुआ मिला। इलाके में करीब 5 फीट तक बर्फ जमी हुई थी, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद मुश्किल हो गया।
कठिन हालात के बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और टीम ने युवक को अपने कंधे पर उठाकर नीचे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इस साहसिक कदम से युवक की जान बच सकी। DSP मनाली केडी शर्मा ने भी टीम की सराहना की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मौसम की अटखेलियां जारी, तेज हवाओं संग होगी बारिश- बर्फबारी के भी पूरे आसार
अर्शद नरिक्कोट्टु उम्र 20 साल के रूप में हुई, जो पेचेरी हाउस, कुन्नथ परम्बा, जिला मलप्पुरम, केरल का रहने वाला है।
वहीं, प्रदेश में मौसम भी लगातार खराब बना हुआ है। शिमला समेत कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम बिगड़ गया और बारिश का दौर शुरू हो गया। कुल्लू में भी कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ। कुकुमसेरी में 1.2 मिमी बारिश और गोंदला में 1 सेमी हिमपात रिकॉर्ड किया गया।