#अपराध
May 12, 2026
हिमाचल में "सैफ अली" से मिली एक किलो से अधिक चरस : पुलिस ने दो साथियों संग किया गिरफ्तार
हिमाचल पुलिस ने दो गाड़ियों को भी कब्जे में लिया है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिला पुलिस की CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चरस बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के रहने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.340 किलोग्राम चरस बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, CIA नूरपुर टीम नियमित गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान डिफेंस रोड कोपड़ा के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दो वाहन संदिग्ध दिखाई दिए, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई।

पुलिस ने ऑल्टो कार नंबर HP01C-2306 और होंडा BR-V नंबर HP48A-7741 को जांच के लिए रोका। दोनों वाहनों में सवार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी प्रक्रिया अपनाई। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 1.340 किलो चरस बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी चंबा जिले की तहसील चुराह के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान-
पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया है।
प्राथमिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आए थे और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस गिरोह के संपर्क किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते नशे के मामलों को देखते हुए पुलिस विभाग ने कई जिलों में विशेष अभियान चला रखा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।