#अपराध
May 10, 2026
हिमाचल: ATM से पैसे निकालने गई महिला के साथ हो गया कांड, दो युवकों ने खाते से उड़ा ली बड़ी राशि
ATM कार्ड से बदल दिया नकली कार्ड
शेयर करें:

ऊना। ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के मामले आजकल आम हो गए हैं, लेकिन अगर कोई शातिर आपकी आंखों के सामने ही कुछ सेकंड में आपका ATM कार्ड बदल दे और खाते से हजारों रुपए साफ कर दे, तो सोचिए कितना बड़ा झटका लग सकता है। ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया है, जहां दो ठगों ने बड़ी चालाकी से एक महिला का ATM कार्ड बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपए उड़ा लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग एटीएम इस्तेमाल करते समय अब ज्यादा सतर्क हो
जानकारी के मुताबिक, मामला जिला ऊना के अम्ब से सामने आया है। यहां पर अम्ब की रहने वाली एक महिला अम्ब-ऊना रोड स्थित एटीएम बूथ में पैसे निकालने पहुंची थी। महिला मशीन से कैश निकाल रही थी, तभी दो युवक भी ATM के अंदर आ गए। दोनों ऐसे व्यवहार कर रहे थे जैसे वे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हों, लेकिन असल में उनकी नजर महिला के एटीएम कार्ड और पिन नंबर पर थी।
यह भी पढ़ें : 10th Result: मोबाइल से दूरी.. रोजाना 5 घंटे पढ़ाई से हिमाचल की टॉपर बनी अनमोल; 700 में एक नंबर कम
बताया जा रहा है कि जब महिला पैसे निकाल रही थी तो पीछे खड़े युवकों ने बड़ी चालाकी से उसका पिन नंबर देख लिया। इसके बाद उन्होंने महिला को बातचीत में उलझाना शुरू कर दिया। महिला उनका इरादा समझ ही नहीं पाई और इसी दौरान आरोपियों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए उसका ATM कार्ड बदल दिया। महिला को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उसके हाथ में अब उसका असली कार्ड नहीं बल्कि दूसरा कार्ड है।
कार्ड हाथ लगते ही दोनों आरोपी तुरंत वहां से निकल गए और करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे बैंक के एटीएम में पहुंच गए। वहां उन्होंने महिला के खाते से एक के बाद एक ट्रांजैक्शन कर कुल 40 हजार रुपए निकाल लिए। हालांकि बैंक की दैनिक निकासी सीमा पूरी होने के कारण खाते में मौजूद बाकी रकम बच गई, नहीं तो आरोपी और भी बड़ी ठगी कर सकते थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट ने छीन ली 9वीं के छात्र की सांसें, स्कूल से लौट रहा घर
उधर महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता तब चला जब उसके मोबाइल फोन पर पैसे निकलने का मैसेज आया। पहले 10 हजार रुपए निकलने का अलर्ट आते ही महिला घबरा गई। उसने तुरंत अपना कार्ड चेक किया तो उसे शक हुआ कि कार्ड बदल दिया गया है। इसके बाद वह बदहवास हालत में बैंक और ATM की तरफ दौड़ी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। माना जा रहा है कि आरोपी पेशेवर ठग हैं, जो पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हो सकते हैं।
मामले को लेकर DSP अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि एटीएम इस्तेमाल करते समय हमेशा सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने आसपास खड़ा न होने दें और अपना पिन नंबर पूरी तरह छिपाकर डालें। अगर कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा मदद करने की कोशिश करे तो तुरंत सावधान हो जाएं।