#अपराध
May 10, 2026
हिमाचल : चाचा के टी-स्टॉल पर चिट्टे का धंधा, खेप सप्लाई करने पहुंचे दो पंजाबी- पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के गश्त के दौरान भी खेप संग पकड़े 3 नशा तस्कर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेशभर में पुलिस आए दिन चिट्टा तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में जिला शिमला में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशे की खेप के साथ पांच तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार सुबह स्पेशल सेल शिमला की टीम लालपानी बस स्टॉप इलाके में गश्त और निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में सवार दो व्यक्ति शिमला में चिट्टा सप्लाई करने आए हैं और लालपानी स्थित एक टी स्टॉल के पास किसी को नशे की खेप देने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसके बाद टीम ने तुरंत गाड़ी को रोक लिया। वाहन में दो युवक सवार थे। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और नकद राशि बरामद की गई।

वहीं दूसरा मामला भी जिला शिमला के उपमंडल रामपुर के तहत NH-05 पर गश्त और निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। यहां पर बीते कल कुमारसैन थाना की डिटेक्शन टीम नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध वाहन पर पड़ी।
शक होने पर टीम ने वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की। तलाशी के दौरान वाहन में बैठे युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की पूरी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 9 ग्राम से ज्यादा चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े तो नहीं हैं।
शिमला पुलिस ने साफ कहा है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार गश्त, चेकिंग और विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।