नाहन। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर आए दिन वाहन चालकों की लापरवाही और तेज़ रफ़्तार मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। रफ़्तार का यही जुनून कई हंसते-खेलते परिवारों को उम्र भर का ज़ख्म दे रहा है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला सिरमौर जिला के संगड़ाह क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक कार चालक की ज़रा सी चूक और लापरवाही ने 26 साल के एक जवान बेटे को उसके माता-पिता से हमेशा के लिए छीन लिया।
100 मीटर गहरी खाई में समाई कार
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार देर रात हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर शालना मोड़ के पास पेश आया। जानकारी के अनुसार बड़ोल गांव का रहने वाला विरेन्द्र सिंह अपने चाचा केदार सिंह की कार (HP 71A-7649) में अपने साथी जगदीश (26) के साथ घर (जामना) की ओर जा रहा था। तभी अचानक चालक की लापरवाही और तेज़ रफ़्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी और अंधेरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जगदीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गहरी नींद में सो रहे थे प्रोजेक्ट कर्मचारी, अचानक दहक उठा शेड; दो मजदूर जिं*दा ज..ले
घायल चालक ने फोन पर दी सूचना
हादसे के बाद घायल चालक विरेन्द्र सिंह ने रात करीब 3:30 बजे अपने चाचा केदार सिंह को फोन कर इस अनहोनी की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। जब वे खाई में उतरे, तो वहां का मंजर देख सबकी रूह कांप गई। घायल विरेन्द्र कराह रहा था, लेकिन उसके बगल में बैठे जगदीश का बेजान शरीर खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला, लेकिन जगदीश तब तक दुनिया छोड़ चुका था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा..दसा: पहाड़ी से गिरे मलबे में दफन हो गए दो वाहन; चीख पुकार से दहला इलाका
बुझ गया घर का चिराग
26 वर्षीय जगदीश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव जामना पहुंची, वहां मातम पसर गया। इस हादसे ने एक और मां की गोद सूनी कर दी और एक पिता के बुढ़ापे की लाठी तोड़ दी। जवान बेटे के शव को देख उसके माता-पिता निशब्द हो गए हैं। उनकी आंखों के आंसू सूख चुके हैं और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। महज़ चंद सेकंड की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल चुनाव: बागियों ने बढ़ाई कांग्रेस की चिंता, मनाने भेजे विक्रमादित्य सहित ये मंत्री; चेतावनी भी दे डाली
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही संगड़ाह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में यह साफ़ हुआ है कि यह हादसा चालक द्वारा तेज़ रफ़्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हुआ है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना संगड़ाह में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या हादसे के पीछे कोई तकनीकी खराबी थी या फिर पूरी तरह से मानवीय चूक ही इस जवान युवक की मौत की वजह बनी।
