कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गगल क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। परिवार के भीतर मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में ऐसी घटना में बदल गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

15 वर्षीय किशोरी की मौत

15 वर्षीय किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह दिन तक चले इलाज के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में भी इस मामले की चर्चा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में बनने वाली OLD MONK पर लगा बैन, कई ब्रांडेड शराब भी बंद- जानें वजह

मोबाइल गेम को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को किशोरी और उसके 12 वर्षीय छोटे भाई के बीच मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर कहासुनी हो गई थी। परिजनों के मुताबिक दोनों भाई-बहन के बीच यह विवाद कुछ ही देर का था।

टांडा लेकर पहुंचे परिजन

इसके बाद किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्य उसे बिना देर किए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें- BREAKING - शिमला में BJP का हल्ला बोल, बढ़ानी पड़ी CM आवास की सुरक्षा- पुलिस तैनात

छह दिन तक डॉक्टरों ने किया इलाज

टांडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने लगातार छह दिन तक किशोरी का उपचार किया। परिवार को उम्मीद थी कि उसकी हालत में सुधार होगा और वह स्वस्थ होकर घर लौटेगी। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद एक अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सेना से सेवानिवृत्त हैं पिता

बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। परिवार ने अपनी बेटी को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। रिश्तेदारों के अनुसार परिवार छह दिनों तक अस्पताल में बेटी के ठीक होने की आस लगाए बैठा रहा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चिट्टे ने निगले विधवा मां के सपने- नौकरी करने गईं बेटियां बनी 'नशेड़ी'- एक की मौ*त

टांडा मेडिकल कॉलेज ने क्या बताया?

टांडा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि 26 जुलाई को किशोरी को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ICU में भर्ती किया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने लगातार इलाज किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और एक अगस्त को उसकी मौत हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कांगड़ा पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। थाना कांगड़ा के SHO आदित्य बनियान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें