#राजनीति
August 5, 2026
BREAKING - शिमला में BJP का हल्ला बोल, बढ़ानी पड़ी CM आवास की सुरक्षा- पुलिस तैनात
प्रदर्शनकारी ओक ओवर की ओर कूच कर सकते हैं
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राजधानी शिमला में बड़ा प्रदर्शन किया। सुबह से ही भाजपा विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सरकारी आवास ओक ओवर की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी ओक ओवर की ओर कूच कर सकते हैं।
राजधानी शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा का विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने सरकार पर राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
हाल ही में धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। इसी कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है।
पार्टी का आरोप है कि सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। हालांकि सरकार की ओर से इस मामले में कहा गया है कि कार्रवाई कानून के अनुसार की गई है।
भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए शिमला में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर सकते हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, जिसका भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। फिलहाल शिमला में प्रदर्शन जारी है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।