बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। उपमंडल घुमारवीं के बद्धाघाट गांव में 21 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला की मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप फैला हुआ है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमती अपने पीछे दो छोटी मासूम बेटियों को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों बच्चियां घर में ही मौजूद थीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 10 हजार शिक्षक होंगे ट्रांसफर : CBSE स्कूलों में तैनाती की तैयारी, जानें
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब कमरे के अंदर से बच्चों के जोर-जोर से रोने और चिल्लाने की आवाजें आईं तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया।
गांव गया था पति
सोमती मूल रूप से मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली थी और पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बद्धाघाट में रह रही थी। सोमती का पति राम बाबू कुछ दिन पहले ही अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश गया हुआ था। ऐसे में सोमवार को महिला घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य रोजाना की तरह काम पर निकल गए थे। इसी दौरान उसने कमरे के पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: खेलते-खेलते छिन गया बचपन, चुन्नी के फं*दे में उलझे 13 वर्षीय बालक की थमी सांसें
मेहनत-मजदूरी कर चल रहा था परिवार
ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार कई वर्षों से यहां रहकर दिहाड़ी-मजदूरी करता था। आर्थिक रूप से साधारण जीवन जीने वाला यह परिवार गांव में शांत स्वभाव के लिए जाना जाता था। सोमती भी घरेलू जिम्मेदारियां निभाने के साथ मजदूरी में हाथ बंटाती थी। अचानक उठाए गए इस कदम ने गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना घुमारवीं की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर होगी बारिश-बर्फबारी, 48 घंटे जमकर बरसेंगे बादल- जानें मौसम अपडेट
क्यों की महिला ने आत्महत्या?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य कारण तो नहीं था। फिलहाल किसी तरह की सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पूरे गांव में शोक की लहर
सोमती की मौत से पूरे बद्धाघाट गांव में शोक की लहर है। पड़ोसियों का कहना है कि दो मासूम बच्चियों का इस तरह मां से बिछुड़ जाना बेहद दर्दनाक है। अब उनके पालन-पोषण और भविष्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
