शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से चिड़गांव की ओर जा रही न्यू प्रेम बस हादसे का शिाकर हो गई है। हादसे के वक्त बस सवारियों से भरी हुई थी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही मौके पर चीख-पुकार मत गई।

न्यू प्रेम बस हादसे का शिकार

यह हादसा आज छराबड़ा और कुफरी के बीच पेश आया है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि हादसे के वक्त बस में महिलाओं और बुजुर्गों समेत 20 लोग सवार थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अस्पताल गई महिला नहीं लौटी घर, तलाश में भटक रहा पति- सता रहा अनहोनी का डर

1KM पहले ही हुआ था टायर पंक्चर

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना से करीब एक किलोमीटर पहले ही बस का पिछला टायर पंचर हो गया था। यात्रियों ने चालक को बस रोकने की सलाह भी दी, लेकिन बताया जा रहा है कि चालक ने बस को धीरे-धीरे आगे बढ़ाते रहने का फैसला किया।

फिर भी नहीं रुका चालक

पहाड़ी मार्ग पर संतुलन बिगड़ने के कारण अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई की ओर लुढ़क गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क संकरी है और एक ओर गहरी खाई है। टायर पंचर होने के बावजूद बस को आगे बढ़ाना जोखिम भरा साबित हुआ।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने दो युवकों से बरामद की साढ़े 4 किलो चरस, नई टैक्सी में निकले थे सप्लाई करने

यात्रियों में मची चीख-पुकार

बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों को सीटों से झटका लगा तो कुछ को शीशे टूटने से हल्की चोटें आईं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

कई यात्री हुए घायल

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस पूरी तरह गहरी खाई में नहीं गिरी, बल्कि बीच में झाड़ियों में अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 

यह भी पढ़ें : आपदा मुक्त हुआ हिमाचल : पंचायत चुनावों का रास्ता साफ, CM ने डिजास्टर एक्ट हटाया

IGMC में चल रहा उपचार

गनीमत यह रही कि सभी यात्रियों की जान बच गई, हालांकि कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद IGMC शिमला रेफर किया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टायर पंक्चर के बाद भी वाहन चलाते रहने को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। साथ ही बस की तकनीकी जांच भी की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन की हालत कैसी थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्मार्ट मीटर ने दिया ग्राहक को झटका, 92 हजार आया बिजली बिल- जांच की मांग

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सतर्कता और तकनीकी जांच की अहमियत को उजागर करता है। यदि समय रहते बस रोक दी जाती, तो शायद यह स्थिति पैदा नहीं होती। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, जो राहत की बड़ी खबर है।

(NOTE: खबर लिखे जाने तक इतनी ही जानकारी मिल पाई थी। ज्यादा जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।)

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें