#हादसा

June 2, 2026

हिमाचल ने खो दिया वीर सपूत, खाई में गिरी कार; मरीन कमांडो शौर्य चक्र विजेता की मौ*त

कई अभियानों में दिया था अदम्य साहस का परिचय

शेयर करें:

Amit Rana

कांगड़ा। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। भारतीय नौसेना के विशिष्ट मरीन कमांडो (MARCOS) और शौर्य चक्र से सम्मानित अमित सिंह राणा का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। महज 32 वर्ष की उम्र में देश के इस बहादुर जवान के चले जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिवार, सैन्य समुदाय और स्थानीय लोगों के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

500 फीट गहरी खाई में जा गिरी कार

जानकारी के अनुसार, अमित राणा कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। सोमवार सुबह ही वह अपने परिवार के बीच पहुंचे थे। देर रात वह एक मित्र से मुलाकात कर वापस घर लौट रहे थे।

यह भी पढ़ें : ना शराब बांटी- ना ही बकरा काटा : दो दोस्तों के साथ किया प्रचार और चुनाव जीता हिमाचल का पत्रकार

इसी दौरान ज्वालामुखी क्षेत्र के लाहड़ू के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

माता-पिता के इकलौते सहारा थे अमित

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण राहत एवं बचाव कार्य आसान नहीं था। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अमित राणा को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

 

 

अमित राणा अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। परिवार में माता-पिता, पत्नी और चार साल का एक बेटा है। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कई अभियानों में दिया था अदम्य साहस का परिचय

अमित राणा भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठित MARCOS कमांडो दस्ते का हिस्सा थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया था। वर्ष 2018 में ऑपरेशन रक्षक के दौरान उनके उत्कृष्ट योगदान और वीरता के लिए उन्हें वर्ष 2021 में देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया था।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा सुविधाएं लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

आज यानी मंगलवार को वीर जवान अमित राणा का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया गाया। देश सेवा में अदम्य साहस दिखाने वाले इस वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग लोग जुटे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख