#हादसा
May 30, 2026
हिमाचल में 'कुरकुरे' ने ले ली जान: सांस की नली में फंसा था टुकड़ा- सिर्फ 28 साल का था हेमंत
PGI के डॉक्टर्स भी नहीं बचा पाए
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बेहद ही चौंकाने वाला वाला मामला सामने आया है। सोलन के अर्की उपमंडल में पड़ते ताल गांव में एक युवक की कुरकुरे खाने के कारण जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार कुरकुरे खाते वक्त स्नैक्स का एक टुकड़ा युवक की सांस की नली में फंस गया था, जिसके कारण उसे बहुत ही दर्दनाक मौत नसीब हुई।
रिपोर्ट्स के अनुसार हेमंत शर्मा कसौली स्थिति एक प्राइवेट होटल में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि हाल ही में हेमंत जब कुरकुरे खा रहा था, तभी एक टुकड़ा उसकी सांस वाली नली में फंस गया, जिसके कारण उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हुई और थोड़ी ही देर में उसकी हालत खराब हो गई। जिसके बाद उसके परिजन उसे आनन फानन में इलाज करवाने के लिए एमएमयू सुल्तानपुर लेकर गए। मगर वहां प्राथमिक इलाज करने के बाद डॉक्टर्स ने उसे आगे के इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ भेज दिया।
इसके बाद PGI के डॉक्टर्स ने भी हेमंत का इलाज किया मगर उसके बावजूद भी युवक की हालत में कोई ख़ासा सुधार नहीं हुआ और बुधवार को इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। बाकी हेमंत के निधन से उसके परिवारजनों को गहरा आघात पहुंचा है और उनके पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। जान पहचान के लोग हेमंत के घर पहुंचकर परिवार वालों को हौसला दे रहे हैं और मातम के माहौल में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जा रही है।
सावधानी जरूरी: विशेषज्ञों के अनुसार कुरकुरे, चिप्स, नमकीन या अन्य सूखे और कुरकुरे स्नैक्स खाते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। खाते वक्त हंसना, बात करना या लेटकर खाना भी खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि छोटे टुकड़े गलती से सांस की नली में फंस सकते हैं।
खासकर बच्चों और बुजुर्गों के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। यदि किसी व्यक्ति को अचानक सांस लेने में दिक्कत, लगातार खांसी या घुटन महसूस होने लगे तो तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए, क्योंकि ऐसी स्थिति कुछ ही मिनटों में गंभीर रूप ले सकती है।