#हादसा

May 29, 2026

हिमाचल में बेकाबू स्कॉर्पियो ने कु*चल दिया 8 साल का मासूम, मां-बाप का इकलौता बेटा था आर्यन

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी थी टक्कर, पीजीआई में तोड़ा दम

शेयर करें:

nahan road accident

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार गाड़ी ने एक परिवार से उनका आठ साल का मासूम बेटा छीन लिया है। इस हादसे ने एक हंसते खेलते परिवार को पलभर में ही उजाड़ कर रख दिया। मासूम अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। अपने इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में इस समय मातम पसरा हुआ है।

बेकाबू स्कॉर्पियो ने कुचला मासूम 

यह दर्दनाक सड़क हादसा गुरुवार देर शाम को ऐतिहासिक शहर नाहन के लखदाता पीर के समीप उस समय हुआ, जब एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने मासूम आर्यन सूर्या को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे इस मासूम ने आखिरकार दम तोड़ दिया। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने इस बेहद दुखद घटना की पुष्टि की है।

 

यह भी पढ़े : हिमाचल पंचायत चुनाव में जीत का चौका : लगातार चौथी बार उप-प्रधान चुने गए दिनेश ठाकुर

नाहन से चंडीगढ़ तक सांसों की जंग

बताया जा रहा है कि बीती रात लखदाता पीर के समीप पार्क के सामने यह दर्दनाक हादसा हुआ था। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे मौजूद मासूम को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया।

देर रात बिगड़ी हालत, पीजीआई में तोड़ी सांसें 

शुरुआत में डॉक्टरों द्वारा बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही थी] लेकिन देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे गंभीर अवस्था में मासूम को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन शुक्रवार सुबह मासूम ने दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने आर्यन को ब्रेन डेड घोषित किया था। कई घंटों तक परिवार और रिश्तेदारों को किसी चमत्कार की उम्मीद थी, लेकिन आखिरकार मासूम जिंदगी की जंग हार गया।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में नेता के बेटे पर भारी पड़े MLA के चाचा- BJP ने मारी बाजी, 191 वोटों से जीता चुनाव

इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार

मृतक आर्यन सूर्या नाहन के प्रतिष्ठित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। आर्यन के पिता राकेश सूर्या और माता नीरज बाला नाहन के पक्का टैंक क्षेत्र में रहते हैं। परिवार मूल रूप से हरिपुरधार क्षेत्र के चुनवी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनाव में जीत के बाद शर्ट उतार जमकर नाचे कांग्रेसी, VIDEO वायरल- BJP ने जताई नाराजगी

जानकारी के अनुसार आर्यन की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

स्कूल में भी पसरा मातम

आर्यन के निधन की खबर मिलते ही नाहन शहर में शोक की लहर दौड़ गई। कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में भी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मासूम को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। स्कूल परिसर में शोक सभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा गया। उधर, परिजन आर्यन के पार्थिव शरीर को PGI चंडीगढ़ से उसके पैतृक गांव चुनवी ले गए, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : पंचायत प्रधान बनने के लिए किया खेल- विरोधियों को RTI से डराया, फिर भी मिली करारी हार

स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज

सिरमौर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के संबंध में स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो घटना स्थल के पास मुड़ती हुई दिखाई दे रही है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद चालक वाहन को विपरीत दिशा में लेकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख