#हादसा
May 31, 2026
हिमाचल : गहरी खाई में समाई टैक्सी, दो परिवार खत्म; बच्चों समेत 8 की मौके पर ही मौ*त- पसरा मातम
इस हा.दसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। जिले के दुर्गम चुराह क्षेत्र में स्थित सचे जोत मार्ग पर एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से आठ लोगों की जान चली गई।
हादसा इतना भयावह था कि वाहन लगभग 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना की जानकारी भी कई घंटों बाद सामने आई, क्योंकि क्षेत्र दूरदराज और संचार सुविधाओं से लगभग कटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार देर रात बैरागढ़-सचे जोत-किलाड़ मार्ग पर हुआ। पर्यटकों से भरी एक टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कर्नाटक के बंगलूरू से आए एक परिवार ने डलहौजी में घूमने के दौरान एक टैक्सी किराये पर ली थी।
इसी दौरान उनकी मुलाकात दूसरे पर्यटक परिवार से हुई और दोनों परिवारों ने मिलकर सचे जोत क्षेत्र में बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने की योजना बनाई ।शुक्रवार को सभी लोग टैक्सी चालक के साथ सचे जोत की ओर रवाना हुए थे। दोपहर के समय बैरागढ़ से निकला वाहन शाम तक वापस नहीं लौटा।
टैक्सी में थे सवार
देर रात तक कोई संपर्क न होने पर वाहन मालिक को चिंता हुई। जब उसने वाहन की GPS लोकेशन की जांच की तो कार की स्थिति कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों को सूचित किया गया और तलाश शुरू हुई।
दुर्गम पहाड़ी इलाके और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण दुर्घटना का पता तुरंत नहीं चल सका। शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों को खाई में वाहन दिखाई दिया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीमों ने पाया कि कार गहरी खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
खड़ी ढलान, खराब मौसम और जोखिम भरे भूभाग के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। बचाव दलों ने मौके पर पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक सभी शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका।
क्षेत्रीय विधायक हंस राज ने बताया कि दुर्घटना स्थल अत्यंत दुर्गम है। वहां तक पहुंचने के लिए बचाव दलों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण भी समन्वय में दिक्कतें सामने आईं। खराब मौसम और अंधेरा होने के चलते अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा और रविवार सुबह फिर से बचाव कार्य शुरू करने की योजना बनाई गई।
हादसे में टैक्सी चालक सहित पर्यटक सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में बंगलूरू और अन्य स्थानों से आए पर्यटक शामिल हैं। वाहन में दो बच्चे भी सवार थे, जिनकी भी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हादसे ने कई परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 3 बच्चों ने खो दिया पिता, घर लौट रहे होमगार्ड जवान को ऐसे मिली मौ*त, सदमें में परिवार
घटना की खबर फैलते ही चंबा, डलहौजी और चुराह क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। सचे जोत की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने निकले पर्यटकों की यात्रा इस तरह समाप्त होगी, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के अनुसार कठिन पहाड़ी मार्ग, रात का समय और सड़क की परिस्थितियां दुर्घटना के संभावित कारण हो सकते हैं। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।