#विविध
March 5, 2026
हिमाचल : अस्पताल गई महिला नहीं लौटी घर, तलाश में भटक रहा पति- सता रहा अनहोनी का डर
तीन दिन से ढूंढ रहे परिजन- नहीं मिल रहा कोई सुराग
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां जटेर गांव की रहने वाली एक शादीशुदा महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। महिला के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है की महिला पिछले करीब तीन दिन से लापता है। मगर उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। महिला के लापता होने से परिजन व महिला का पति काफी घबराए हुआ है और परेशान है। परिजन महिला की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता महिला के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट निरमंड पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि बीती 2 मार्च की सुबह करीब 9 बजे प्रियांशिका घर से निरमंड अस्पताल जाने की बात कह कर निकली थी।
लोगों ने उसे आखिरी बार उसी दिन सुबह करीब 11.30 बजे निरमंड बस स्टैंड पर यामा बस में बैठते हुए देखा था। मगर यहां से वो कहां गई- किसी को कुछ नहीं पता। परिवार ने बताया कि उसके पास फोन भी नहीं है। ऐसे में वो उससे संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाती थी। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार प्रियांशिका की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रियांशिका की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
प्रियांशिका के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को प्रियांशिका के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें। परिजनों ने अपना मोबाइल नंबर भी शेयर किया। प्रियांशिका की कोई भी जानकारी मिलने पर आप इन नंबरों 9816041826, 8580570320 और 7838243570 पर संपर्क कर सकते हैं।