शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने जमकर तबाही मचाई। खराब मौसम के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए, घरों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं, जबकि बिजली गिरने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं, कई इलाकों में बिजली व्यवस्था और यातायात भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने 16 मई तक प्रदेश में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।

दस गौशालाओं की उड़ी छतें

बता दें कि बीते सोमवार तड़के मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि कई इलाकों में भारी तबाही मच गई। कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला। घालिंचा, घरयाल, कामेडा और कंडी गांवों में तेज आंधी ने जमकर कहर बरपाया। यहां कम से कम पांच मकानों और करीब दस गौशालाओं की छतें उड़ गईं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: फौजी ने इंस्टाग्राम पर फंसाई युवती, शादी के नाम पर लूटता रहा इज्जत- अब रिश्ते से मुकरा

रास्ते पर गिरा एक बड़ा पेड़

लोगों ने किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई परिवारों को रातभर डर और दहशत के बीच समय बिताना पड़ा। तेज हवाओं के कारण इलाके में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। जलोड़ी दर्रे पर एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और वाहनों की आवाजाही रुक गई। 

पेड़ के नीचे आने से कई वाहन क्षतिग्रस्त

सड़क बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया गया। मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में भी तेज तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। कई जगह पेड़ गिरने से सड़क किनारे खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: प्रेमी के सामने युवती को कुच.ल फरार हुआ वाहन, पंजाब से भागकर शादी करने आए थे

दर्जनों मवेशियों की हो गई मौत 

वहीं, इलाके के एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोग सुबह जब मौके पर पहुंचे तो कई मवेशी मृत अवस्था में पड़े मिले, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित

कांगड़ा जिले में भी मौसम का कहर देखने को मिला। बैजनाथ उपमंडल के पपरोला और छोटा भंगाल क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ गिर गए, जिससे सड़कें बंद हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार हालात सामान्य करने में जुटी रहीं। हालांकि कई इलाकों में लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

करंट लगने से लाइनमैन की मौत 

इसी बीच कांगड़ा जिले के वृंदावन क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई। यहां बिजली लाइन ठीक कर रहे हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लाइनमैन मरम्मत कार्य में जुटा हुआ था, तभी अचानक बिजली सप्लाई बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बिजली गिरने से एक व्यक्ति ने तोड़ा दम 

इसके अलावा कुल्लू जिले के नग्गर क्षेत्र के खरोहल गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। बिजली गिरने की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान बालकृष्ण निवासी नेपाल के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर की आरती उतारकर जताया विरोध: बंद पड़ी दुकान का आया 22 हजार बिल, विभाग मौन

हो सकता है एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम अभी पूरी तरह साफ होने वाला नहीं है। विभाग ने 16 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर हिमाचल के मौसम पर देखने को मिलेगा।