#हादसा
May 8, 2026
हिमाचल : पहले पिता का साया उठा, अब मां भी चल बसी : शादी में नाचते-नाचते मौ*त, 3 बच्चे अनाथ
महिला की मौ.त- पूरे गांव में पसरा मातम
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। संगड़ाह क्षेत्र के गांव सैंज में शादी समारोह की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं- जब अचानक एक महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला अकेले ही अब अपने तीनों बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही थी। अब मां की मौत के बाद बच्चे अनाथ हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय वीना देवी शादी समारोह में अन्य महिलाओं के साथ नाच-गा रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वह मौके पर ही गिर पड़ीं।
वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण दिल का दौरा माना जा रहा है।
वीना देवी अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों ने कुछ समय पहले ही अपने पिता को भी खो दिया था और अब मां के अचानक निधन ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है।

गांव में हर किसी की जुबान पर बस यही दर्द है कि इन मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां पलभर में खत्म हो गईं। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार वीना देवी बेहद मिलनसार स्वभाव की महिला थीं और गांव के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। खुशियों के बीच हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हार्ट अटैक के लक्षण हर व्यक्ति में अलग हो सकते हैं, लेकिन कुछ सामान्य संकेत इस प्रकार हैं:
अगर किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक का शक हो तो समय बहुत महत्वपूर्ण होता है।