#हादसा
May 10, 2026
हिमाचल : साइकिल चलाते नाले में गिरा 12वीं का छात्र, मौके पर ही तोड़ा दम- सदमे में परिजन
पैराफिट समेत नाले में जा गिरा युवक
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक 12वीं पास किशोर की नाले में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के बैरी भटां इलाके का है। यहां पर युवक अपने दोस्तों के साथ गांव के पास साइकिल चला रहा था। बताया जा रहा है कि सभी युवक सामान्य रूप से घूम रहे थे और इसी दौरान अंकित सड़क किनारे अपनी साइकिल खड़ी करने लगा। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के साथ बने गहरे नाले में जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसके साथ मौजूद दोस्त भी कुछ समझ नहीं पाए।
बताया जा रहा है कि जिस जगह यह हादसा हुआ वहां लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाया गया पैराफिट भी युवक के साथ नीचे जा गिरा, जिससे हादसा और ज्यादा गंभीर हो गया। नीचे गिरने से अंकित को गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे।
पूर्व प्रधान भुक्कड़ किशोर चंद ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवक को गंभीर हालत में सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि युवक की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अंकित कुमार पुत्र शशि पाल निवासी गांव बैरी भटां, डाकघर भुक्कड़, उपमण्डल भोरंजए जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अंकित ने हाल ही में 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और आगे के भविष्य को लेकर कई सपने देख रहा था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।