#हादसा

May 11, 2026

हिमाचल में गुजरात के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौ*त, मंडी का चालक भी नहीं बचा; 4 घायल 

परिवार के पांच सदस्यों की मौत, चार गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती

शेयर करें:

Chamba accident

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी हृदयविदारक खबर सामने आई है जिसने न केवल देवभूमि बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। घर से पहाड़ों की हसीन वादियां निहारने और सुनहरे सपने बुनने निकले गुजरात के एक परिवार को क्या पता था कि यह उनका अंतिम सफर साबित होगा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुनुहट्टी के पास काकीरा घार में एक इनोवा टैक्सी अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में समा गई, जिससे एक ही झटके में छह जिंदगियां काल के गाल में समा गईं।

खुशियों का सफर पल भर में मातम में बदला

हादसे का शिकार हुआ यह परिवार गुजरात के भावनगर जिले का रहने वाला था जो हिमाचल की खूबसूरती को करीब से देखने आया था। हादसे में परिवार के पांच सदस्यों—ललितभाई पतनानी, ममताबेन, प्रियंक, काजल और नन्हे दियान्श की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हिमाचल के मंडी जिले (जोगिंदरनगर) का रहने वाला टैक्सी चालक जसवंत कुमार भी इस भीषण दुर्घटना में अपनी जान गंवा बैठा। जिस परिवार की हंसी-ठिठोली से कल तक पहाड़ गूंज रहे थे, आज वहां केवल सन्नाटा और चीख-पुकार शेष है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: गहरी खाई में पलटा पर्यटकों से भरा वाहन- 6 की मौके पर मौत, 4 गंभीर

चार सदस्य लड़ रहे जिंदगी और मौत की जंग

इस भीषण टक्कर में परिवार के चार अन्य सदस्य—मयंक पतनानी, फोरमबेन, जियान्श और मासूम प्रियान्शी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां वे फिलहाल अस्पताल के बिस्तरों पर मौत से जंग लड़ रहे हैं।

खाई में गिरते ही वाहन के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भयानक था कि टैक्सी के परखच्चे उड़ गए। आसपास रहने वाले लोगों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनी तो तुरंत मौके की ओर दौड़े। अंधेरी रात, लगातार बारिश और गहरी खाई के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम घंटों तक रेस्क्यू में जुटी रही।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में जमीन विवाद को लेकर चले डंडे और गं.डासे, पुलिस के सामने भी नहीं रूके लोग- 15 घायल

बारिश और फिसलन बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश और सड़क पर फिसलन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो चुकी थी। वहीं यह आशंका भी जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया हो। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर्याप्त सुरक्षा दीवार या पैराफिट नहीं था। यदि सड़क किनारे मजबूत सुरक्षा इंतजाम होते तो शायद वाहन खाई में गिरने से बच सकता था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस का बड़ा एक्शन, पंजाब-UP तक फैला ड्रग नेटवर्क ध्वस्त, पकड़े गए 33 सप्लायर

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आज नामांकन का आखिरी दिन, मैदान में उतर चुके 42 हजार से ज्यादा प्रत्याशी, जानें

 

इस हादसे ने एक बार फिर हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर सफर की चुनौतियों और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं गुजरात का यह परिवार, जो खुशियों और यादों के साथ हिमाचल आया था, अब अपनों के लिए कभी न भरने वाला दर्द छोड़ गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख