#हादसा

May 12, 2026

हिमाचल में भारी भूस्खलन : अचानक दरका पहाड़, सड़क पर आ गिरे पत्थर-मलबा; मची चीख-पुकार

अचानक पहाड़ी से गिरने लगे बड़े-बड़े पत्थर 

शेयर करें:

HIMACHAL Kinnaur Landslide

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में मानसून से पहले ही मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ताजा मामला किन्नौर  जिले के भाबानगर क्षेत्र से सामने आया है, जहां भारी भूस्खलन के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पहाड़ियों के दरकने से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

अचानक पहाड़ी से गिरने लगे बड़े-बड़े पत्थर 

बताया जा रहा है कि भाबानगर क्षेत्र में सोमवार सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ था। लगातार बारिश के चलते पहाड़ियों की मिट्टी कमजोर पड़ गई थी। इसी बीच अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया और भारी मात्रा में पत्थर व मलबा सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते सड़क पूरी तरह मलबे से भर गई, जिससे कई वाहन रास्ते में फंस गए और आवाजाही ठप हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चालक पर चल रहा था पुलिस केस, तनाव में आकर उठाया गलत कदम- निगला जह*र

कई घंटों तक फंसे रहे यात्री

घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। कई यात्रियों को घंटों तक रास्ते में फंसे रहना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाड़ियों से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिसके कारण लोग डर के साए में जी रहे हैं। कई लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

JCB और अन्य मशीनरियों ने हटाया मलवा 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सड़क को बहाल करने के लिए JCB और अन्य मशीनरी लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया। हालांकि पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत और बहाली कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द से जल्द सड़क को पूरी तरह बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

लोगों में मौसम को लेकर डर का माहौल 

स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण पहाड़ कमजोर हो गए हैं और कई जगह दरारें साफ दिखाई देने लगी हैं। लोगों को डर है कि अगर मौसम इसी तरह खराब रहा तो आने वाले दिनों में और भी बड़े भूस्खलन हो सकते हैं। यही वजह है कि इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

प्रशासन की लोगों से अपील 

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने को कहा गया है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि मौसम खराब रहने की स्थिति में भूस्खलन का खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने के लिए कहा गया है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख