शिमला। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों की आहट के साथ ही सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है- जिससे मुकाबला अब प्रतिष्ठा की जंग में बदल गया है।

नगर निकाय चुनाव में बगावत का डर

गली-मोहल्लों से लेकर वार्ड स्तर तक राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और हर जगह चुनावी रणनीति की बिसात बिछती नजर आ रही है। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : कल हिमाचल आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू : अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, चप्पे-चप्पे पर पुलिस

कांग्रेस-BJP के लिए बनी सिरदर्द

दोनों दलों ने अपने संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है और इस बार जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। साफ संकेत हैं कि केवल लोकप्रियता नहीं, बल्कि बूथ स्तर की मजबूत रणनीति और कार्यकर्ताओं के तालमेल से ही जीत का रास्ता तय होगा।

टिकट वितरण बना सबसे बड़ी चुनौती

चुनाव से पहले सबसे बड़ी परीक्षा टिकटों के बंटवारे को लेकर सामने आ रही है। कई वार्डों में दावेदारों की लंबी कतार ने नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक नाम पर सहमति बनाना कई जगह चुनौती बनता जा रहा है, जिससे अंदरूनी खींचतान भी सतह पर आने लगी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता की डांट पर छोड़ा घर, 50 साल बाद लौटा वापस- इकलौते भाई को देख बहनें भावुक

नतीजे तय करेंगे आगे की दिशा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों के परिणाम सिर्फ नगर निकायों की तस्वीर नहीं बदलेंगे, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा भी तय करेंगे। जीत से जहां कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, वहीं हार की स्थिति में रणनीति और नेतृत्व दोनों पर सवाल उठ सकते हैं।

डैमेज कंट्रोल पर फोकस

संभावित बगावत को ध्यान में रखते हुए दोनों दलों ने टिकट घोषणा के साथ ही डैमेज कंट्रोल की तैयारी भी कर ली है। पार्टी नेतृत्व लगातार बैठकों के जरिए यह संदेश दे रहा है कि संगठन सर्वोपरि है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गर्मी ने किया बुरा हाल : 42 डिग्री पहुंचा पारा, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी

बूथ जीतो, चुनाव जीतो

“बूथ जीतो, चुनाव जीतो” के फॉर्मूले पर खास जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत पन्ना प्रमुखों और जमीनी कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदाताओं को बूथ तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भीतरघात का डर, सर्वे पर भरोसा

सबसे बड़ी चिंता भीतरघात और असंतोष को लेकर है। टिकट न मिलने पर कई नेता बगावती तेवर अपनाते हैं या निर्दलीय मैदान में उतर जाते हैं, जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ता है। इसी को देखते हुए इस बार उम्मीदवार चयन में स्थानीय नेताओं की राय, सर्वे रिपोर्ट और जमीनी फीडबैक को अहमियत दी जा रही है, ताकि असंतोष को कम किया जा सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में यमुना किनारे मिली लड़की की देह- युवक ने निगला ज*हर, सदमे में दोनों परिवार

गुप्त रणनीति, तेज प्रचार

दोनों दल अपनी अंतिम रणनीति को फिलहाल गुप्त रखे हुए हैं और प्रचार अभियान को तेजी दे रहे हैं। जैसे ही टिकटों की आधिकारिक घोषणा होगी, बागियों के रुख और प्रचार की धार से यह साफ हो जाएगा कि इस सियासी मुकाबले में बाजी किसके हाथ लगती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें