#विविध
April 26, 2026
हिमाचल : पिता की डांट पर छोड़ा घर, 50 साल बाद लौटा वापस- इकलौते भाई को देख बहनें भावुक
73 साल की उम्र में लौटे घर- बहनें बेहद खुश
शेयर करें:

ऊना। एक छोटी-सी पारिवारिक अनबन ने जिस बेटे को आधी सदी पहले घर से दूर कर दिया था- वो अब 73 वर्ष की उम्र में अपने अपनों के बीच लौट आया है। ऊना जिले के रणवीर सिंह की यह भावुक कहानी हर किसी की आंखें नम कर रही है।
करीब 50 साल पहले, जब रणवीर सिंह की उम्र महज 21-22 साल थी, तब उनका अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से और आहत मन से उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
घर छोड़ने के बाद उन्होंने पंजाब के अमृतसर की सब्जी मंडी में कुछ समय बिताया। मगर उन्हें स्थायी ठिकाना उत्तर प्रदेश के हरदोई में मिला। वहीं, उन्होंने आटा चक्की चलाकर अपने जीवन की गाड़ी आगे बढ़ाई।
समय के साथ बहुत कुछ बदल गया। उनके माता-पिता इस दुनिया से चले गए, लेकिन उनकी तीनों बहनें आज भी अपने भाई के लौटने की आस लगाए बैठी थीं। सालों बाद जब दिल में अपने घर-परिवार की याद फिर से जागी, तो रणवीर सिंह ने वापसी का फैसला किया।
शनिवार को वह हरदोई से अपने गांव चलोला पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात डिंपल राणा नाम के एक युवक से हुई, जिससे उन्होंने अपने पिता हरमंदर सिंह के घर के बारे में जानकारी ली। डिंपल ने उनकी मदद करते हुए परिवार से संपर्क करवाया।

जैसे ही वर्षों बाद भाई-बहनों का आमना-सामना हुआ, भावनाएं उमड़ पड़ीं। वृद्ध बहनें अपने भाई को देखकर खुद को रोक नहीं पाईं और उसे गले लगा लिया। इस मार्मिक मिलन के दौरान पूरे परिवार की आंखें नम थीं- पचास साल की दूरी कुछ ही पलों में खत्म हो गई।