#विविध
June 8, 2026
हिमाचल : हिंदू नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़का विवाद, थाने के बाहर लोगों ने किया चक्का जाम
लोगों ने देर रात तक किया धरना-प्रदर्शन
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। संजौली क्षेत्र में हिंदू संघर्ष समिति से जुड़े चार पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
विरोध स्वरूप रविवार रात बड़ी संख्या में लोग संजौली थाने के बाहर एकत्र हुए और देर रात तक प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार नेताओं की रिहाई की मांग उठाई और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो सोमवार को भी आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस ने संजौली बाजार में दो युवकों के साथ मारपीट और उन्हें सार्वजनिक रूप से घुमाने के मामले में हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक विजय शर्मा, सह संयोजक मदन ठाकुर, श्वेता चौहान और कल्पना शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इन पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।

गिरफ्तारियों के विरोध में रविवार शाम पीड़िता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग संजौली बाजार में उतर आए। इस दौरान सड़क पर धरना देकर यातायात रोक दिया गया, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई लोगों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शन के दौरान पीड़िता ने उन युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने कथित रूप से उसकी वीडियो बनाई थी। उसने गिरफ्तार हिंदू नेताओं को रिहा करने की मांग भी दोहराई। प्रदर्शन में पीड़िता के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने मामले को लेकर अपना पक्ष रखा।

पीड़िता के पिता ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि उनकी बेटी द्वारा शिकायत वापस लेने की बातें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार अपने रुख पर कायम है और जो लोग इस तरह की भ्रामक बातें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
उधर, पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में नामजद मुख्य आरोपी उबैद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर युवती के साथ अशोभनीय हरकतें करने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं पीड़िता दो अन्य युवकों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठा रही है।
ASP मेहर पंवर ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता के बयान न्यायालय में दर्ज कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिकायत में केवल एक युवक का नाम दर्ज था, इसलिए उसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार अगर आगे जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो पीड़िता के अतिरिक्त बयान भी दर्ज किए जाएंगे और उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
संजौली में चल रहे घटनाक्रम ने अब व्यापक चर्चा का रूप ले लिया है। एक ओर छेड़छाड़ के मामले में पुलिस जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर हिंदू संघर्ष समिति के नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले के राजनीतिक और सामाजिक असर पर भी सभी की नजर बनी हुई है।