#विविध

June 10, 2026

झपकी लेते विधायक पर पड़ी MP अनुराग ठाकुर की नजर, चुटकी काटते पूछ डाला सवाल और...

MP-MLA की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई सामने

शेयर करें:

MP Anurag Thakur

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर आयोजित एक राजनीतिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब मंच पर बैठे एक विधायक को झपकी आती दिखाई दी। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने विधायक को हल्के अंदाज में जगाया और तुरंत एक सवाल पूछ लिया।

इस उपलक्ष्य पर थी प्रेस कॉन्फ्रेंस

जानकारी के अनुसार,  अचानक हुए इस घटनाक्रम पर विधायक भी मुस्कुरा दिए। यह पूरा पल कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हमीरपुर के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी।

यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर बोले- सरकार नहीं, एक गुट चला रहे मुख्यमंत्री सुक्खू, कई कांग्रेस नेता उनके खिलाफ

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसी दौरान मंच पर बैठे बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल कुछ क्षणों के लिए झपकी लेते नजर आए। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रेस वार्ता के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने विधायक को हल्के अंदाज में संबोधित करते हुए उनका ध्यान आकर्षित किया और उनसे मुद्रा योजना को लेकर सवाल पूछा।

अचानक सवाल सुनते ही विधायक ने खोलीं आंखें

अचानक सवाल सुनते ही विधायक ने आंखें खोलीं और मुस्कुराते हुए जवाब देने की मुद्रा में नजर आए। इस दौरान मंच पर मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के चेहरे पर भी मुस्कान देखी गई। हालांकि यह पूरा घटनाक्रम कुछ सेकेंड का ही था, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे तेजी से साझा करना शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अधिकारियों ने लटकाए कई कर्मचारी- नहीं मिल रही प्रमोशन, रेगुलर भी नहीं हो रहे

फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्मों पर वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य और मजाकिया पल मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं।

MP-MLA की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई सामने

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह के छोटे-छोटे घटनाक्रम अक्सर कैमरों में कैद हो जाते हैं और सोशल मीडिया के दौर में देखते ही देखते वायरल हो जाते हैं। यही वजह है कि यह वीडियो भी लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के CBSE स्कूलों में HP बोर्ड की पढ़ाई : टीचरों की भी भारी कमी, कई बच्चों ने कटवाए नाम

फिलहाल इस मामले पर न तो सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है और न ही विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कोई बयान दिया है। बावजूद इसके, हमीरपुर सहित प्रदेशभर में यह वीडियो चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग अपने-अपने अंदाज में इसकी व्याख्या कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख