#विविध
June 9, 2026
हिमाचल में 5 लाख का ऑफर देकर धर्म परिवर्तन : हर महीने 5 हजार और फ्री इलाज देने का भी वादा
धर्म परिवर्तन के इस मामले ने तूल पकड़ लिया है
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। घुमारवीं उपमंडल के हवाण क्षेत्र के लोगों ने इस संदर्भ में घुमारवीं थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने आरोप लगाया है कि रविवार दोपहर वह अपने निजी काम से भ्यानू पीर मंदिर के पास स्थित एक स्टोर में गया था। इसी दौरान वहां एक वाहन आकर रुका, जिसमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे।
संदीप का दावा है कि उनमें से एक व्यक्ति उसका परिचित था, जबकि अन्य लोगों को वह नहीं पहचानता था। उक्त लोगों ने उसे और उसके परिवार को धर्म परिवर्तन करने के बदले आर्थिक लाभ देने का प्रस्ताव रखा।
संदीप के अनुसार, उन्हें पांच लाख रुपये देने, हर महीने पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने और मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
संदीप कुमार का कहना है कि जब उसने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया तो उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। साथ ही उसे एक धार्मिक पुस्तक देकर पुनः विचार करने के लिए कहा गया। इसके बाद उसने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस के समक्ष दर्ज करवाई।
सोमवार को मामले ने और तूल पकड़ लिया, जब क्षेत्र के कई ग्रामीण तथा विभिन्न संगठन थाना घुमारवीं पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लोगों को आर्थिक प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों से जुड़े ऐसे आरोप समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए मामले की जांच पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ की जानी चाहिए।
उधर, पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विशाल वर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह मामला जांच के अधीन है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि निष्पक्ष रूप से सच्चाई सामने लाई जा सके।