मंडी। जब आपदा किसी क्षेत्र को अपने शिकंजे में कसती है, तो वहीं कहीं किसी कोने से मानवता की उम्मीद की लौ भी जल उठती है। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर की एक नन्ही सी बच्ची ने इसी उम्मीद को जमीनी हकीकत में बदला है।
छोटी बच्ची ने तोड़ी गुल्लक
छठी कक्षा की छात्रा मोक्षथिका ठाकुर ने अपनी गुल्लक तोड़कर 1660 रुपये निकाले और ये पैसे अपने पापा के हाथों में थमाते हुए कहा “पापा, इन पैसों से सराज के आपदा पीड़ितों के लिए कुछ जरूरी सामान ले लेना।”
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने जरूरतमंद परिवारों को दी बड़ी राहत- साल में कभी भी बना सकेंगे हिमकेयर कार्ड
पिता को दिए 1660 रुपये
इतना कहने के बाद मोक्षथिका रुकी नहीं, उसने माता-पिता से भी आग्रह किया कि वे भी अपनी ओर से थोड़ा सहयोग जोड़ें, ताकि अधिक परिवारों तक मदद पहुंच सके। उसकी इस मासूम लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति ने माता-पिता की आंखों को नम कर दिया, पर दिल को गर्व से भर दिया।
परिवार बना प्रेरणा, स्कूल बना अभियान का केंद्र
मोक्षथिका के पिता कर्म सिंह ठाकुर, जो कपाही क्षेत्र में एक निजी स्कूल के संचालक हैं, ने बेटी की सोच को आगे बढ़ाने का निश्चय किया। उन्होंने अगले ही दिन स्कूल स्टाफ की एक आपात बैठक बुलाई और मोक्षथिका की भावना सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सामने रखी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का होनहार व्लॉगर- बेघर हुए लोगों के लिए YouTube से कमाए 7 लाख, बाढ़ में बहे थे आशियाने
100 किट तैयार कर बांटी
यह पहल जल्द ही एक अभियान में बदल गई। स्कूल के अध्यक्ष हरी सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और प्रधानाचार्य वीरेंद्र भारती, फाउंडर सदस्य कर्म सिंह ठाकुर तथा पूर्व प्रधानाचार्य रुक्मणि ठाकुर के सहयोग से पूरे स्कूल स्टाफ ने आपदा राहत सामग्री की 100 किट तैयार कीं। इन किट्स में राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान शामिल था।
राहत दल पहुंचा थुनाग
रविवार की शाम स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी और सहयोगी एकजुट होकर थुनाग क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों तक यह मदद पहुंचाने निकले। राहत दल में एसएमसी अध्यक्ष बनिता, अध्यापिकाएं मंजू वर्मा, कुसुम ठाकुर, लकी ठाकुर, बस चालक जयलाल ठाकुर, कर्मचारी सरला देवी और घनश्याम राणा भी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस इन एक्शन मोड- ड्रग तस्कर की करोडों की संपत्ति सीज, घर से मिले बेशकीमती गहने-कैश
एक बच्ची की पहल, सैकड़ों को राहत
छोटे-से गांव से उठी एक बच्ची की सोच ने यह साबित कर दिया कि मदद करने के लिए उम्र की नहीं, भावना की जरूरत होती है। मोक्षथिका की पहल ने न केवल प्रभावितों को राहत दी, बल्कि पूरे क्षेत्र के बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को भी यह सोचने पर मजबूर किया कि हम सब समाज के लिए क्या कर सकते हैं।
78 लोगों की मौत, 288 से अधिक घायल
विदित रहे कि, 20 जून से शुरू हुए मानसून सीजन ने अब तक 78 लोगों की जान ले ली है। जबकि, करीब 290 लोग घायल हुए हैं और 37 लोग अब भी मलबे में कहीं दफन हैं। इन लोगों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। इससे स्पष्ट है कि हिमाचल में मानसून सिर्फ पानी ही नहीं, जानलेवा खतरे भी लेकर आया है। इनमें-
- 14 लोग बादल फटने की घटनाओं में मारे गए
- 8 लोग फ्लैश फ्लड की चपेट में आए
- 1 की लैंडस्लाइड
- 8 की पानी में डूबने
- 1 की आग
- 2 की सांप काटने से
- 4 की करंट लगने
- 8 की ऊंचाई से गिरने
- 4 की अन्य कारणों से
- 28 लोगों की जान सड़क हादसों में मौत हुई है।
